
देवगढ़. नगर के मारु दरवाजा बाहर मंगलवार दोपहर पानी पी रहे संस्थाप्रधान का 29 हजार रुपए की नकदी समेत बैग नाबालिग उचक्का पार कर ले गया। घटना के बाद पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना करने के साथ उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर रात तक भी कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस के अनुसार राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कुंवाथल के संस्थाप्रधान देवगढ़ निवासी नाथूसिंह पुत्र रामसिंह पंवार ने दोपहर दो बजे एसबीआई शाखा देवगढ़ से 30 हजार रुपए निकलवाए। फिर मारू दवाजा के बाहर बैग रख कर नाथूसिंह दुकान के बाहर पानी के कैम्पर से पानी पीने लगे, तभी एक बच्चे ने आकर शातिर तरीके बैग पार कर लिया। बैग में 29 हजार रुपए के 500-500 रुपए के 58 नोट थे और विद्यालय की चाबिया, दो मुहर व एक मोबाइल था। पानी पीते ही नीचे देखा तो बैग नहीं मिला, जिससे एकाएक घबराए नाथूसिंह ने आस पास के दुकानदारों से पूछताछ की, मगर कोई पता नहीं चल सका। सूचना पर देवगढ़ थाने से एएसआई रामेश्वर मय जाब्ते के घटना स्थल पर पहुंच गए। साथ ही बाजार की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए जांच शुरू कर दी। एक बच्चे के द्वारा बैग ले जाते दिखाई देना बताया, मगर उसके हुलिये के बारे में लोग कोई जानकारी नहीं दे पाए।
ग्रामीणों से समझाइश, रखा पिंजरा
राजसमंद. मुंडोल के एक घर में घुस कर बकरियों का शिकार करने के दूसरे दिन मंगलवार को वन विभाग ने पिंजरा लगा दिया। साथ ही समझाइश करते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी। जानकारी के अनुसार मुंडोल निवासी अमरसिंह के घर में घुस तीन बकरियों का शिकार करने के बाद वन विभाग के रेंज कमलेश रावत मय दल के पिंजरा लेकर मुंडोल पहुंचे। पैंथर की आवाजाही के संभावित जगह पर पिंजरा लगा दिया। साथ ही निगरानी के लिए ग्रामीणों के लिए वन्यकर्मियों के दल की ड्यूटी लगा दी है। रेंजर के साथ वन्यकर्मी की नियमित गश्त पर रहेंगे।