किसानों के लिए इस बार खाद संकट ने हालात ऐसे बना दिए कि कुंवारिया कस्बे में सोमवार को पुलिस की निगरानी में यूरिया खाद का वितरण करना पड़ा।
राजसमंद. किसानों के लिए इस बार खाद संकट ने हालात ऐसे बना दिए कि कुंवारिया कस्बे में सोमवार को पुलिस की निगरानी में यूरिया खाद का वितरण करना पड़ा। कस्बे के खेल मैदान के सामने स्थित ग्राम सेवा सहकारी समिति (जीएसएस) पर जब सोमवार सुबह यूरिया खाद से भरी ट्रक के पहुंचने की खबर फैली तो कुंवारिया ही नहीं, आसपास के गांवों से भी सैकड़ों किसान बैलगाड़ियों, मोटरसाइकिलों और जीपों से खाद लेने पहुंच गए।
किसानों की भीड़ देखते ही जीएसएस कर्मियों ने तुरंत ट्रक से 670 कट्टे यूरिया खाद के गोदाम में उतरवाए और व्यवस्थापन शुरू कर दिया। लेकिन भीड़ इतनी अधिक थी कि कुछ ही देर में अफरातफरी के हालात बनने लगे। सूचना पाते ही कुंवारिया पुलिस चौकी के प्रभारी कमलेंद्र सिंह झाला, रमेश चंद्र समेत पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और मोर्चा संभाला।
पुलिसकर्मियों ने किसानों को लाइन में लगवाया और आधार कार्ड से पहचान सुनिश्चित कर प्रत्येक किसान को नियमानुसार खाद के कट्टे वितरित कराए। पुलिस की मौजूदगी से किसी भी तरह की धक्का-मुक्की या हंगामे की नौबत नहीं आई। इस दौरान ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष विजय प्रकाश सनाढय, व्यवस्थापक मांगीलाल भील, डायरेक्टर बद्रीलाल जाट, दिनेश चंद्र व्यास, सुखदेव यादव, छितरामल जाट समेत कई पदाधिकारियों ने भी किसानों को शांत बनाए रखने में मदद की।
खाद वितरण के बीच अफरा-तफरी में एक महिला की बाली चोरी हो जाने की घटना भी सामने आई। आखोदिया का खेड़ा निवासी पिंकी जाट खाद लेने भीड़ में खड़ी थी। अचानक उसे अहसास हुआ कि उसके कान में पहनी सोने की बाली गायब है। परिवार वालों ने बाली को काफी देर तक मैदान और आसपास ढूंढा, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। पिंकी ने बताया कि भीड़ इतनी थी कि किसी को पता भी नहीं चला कि बाली कब और कैसे गायब हो गई।