
उन्होंने शनिवार को 15 डिग्री से कम तापमान पर नौ चोकी झील में सुबह 6.54 बजे तैराकी शुरू कर छह घंटे लगातार तैराकी के लक्ष्य को पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 16.25 किमी की दूरी 6 घंटे 9 मिनट में पूरी की। तैराकी पूरी करने पर नगर परिषद सभापति अशोक टांक, पूर्व चेयरमैन नारायण लाल सुथार, कांग्रेस एससी विभाग जिलाध्यक्ष परसराम पोरवाड़, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष कमलेश साहू, अंकित, हर्ष ने तैराक और कोच कपिल कुमार वर्मा का स्वागत किया।
यह रही उपलब्धि
- 19 मार्च 2021 को जलडमरू चैनल को पार किया।
- 29 सितंबर 2021 को 19.04 घंटे में 12 डिग्री ठंडे पानी में कैटलिना चैनल पार किया।
- 03 सितंबर 2023 को कोलकाता में 81 किमी भागीरथ नदी पार की।
- 30 अक्टूबर 2023 को मुंबई के वाशी ब्रिज तक गेटवे ऑफ इंडिया तैरकर पार किया, जो 25 किमी दूर है।
संघर्षो भरा रहा यहां तक का सफर
श्यामला गोली ने बताया कि आर्थिक तंगी के चलते 2016 में अपना स्टूडियो बंद करना पड़ा। इसके कारण वह अवसाद में चली गई और हार्मोनल असंतुलन की समस्याओं से जूझना पड़ा। उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। उन्होंने अस्पताल के बिस्तर पर इससे बाहर निकलने का निर्णय लिया और एक छोटे से ग्रीष्मकालीन शिविर में तैरना सीखना शुरू कर दिया। इससे पहले उन्होंने कभी तैराकी नहीं की थी। एक्वा फोबिया ने उसकी जिंदगी बदल दी और उन्हें पानी से गहरा प्यार हो गया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेना शुरू किया और कई स्वर्ण पदक जीते। उन्होंने कहा कि दृढ़ विश्वास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने में उम्र बाधा नहीं होती है।