रामपुर

शादी के कार्ड पर मुलायम, अखिलेश, आजम, अब्दुल्ला के फोटो, आशीर्वाद में मांगा सपा के लिए वोट

राजनैतिक पार्टियों के प्रति प्रदेश के लोगों में दीवानगी कम नहीं है। सभी पार्टियों के समर्थक अपनी तरह से पार्टी को लाभ पहुंचाने की भरसक कोशिश करते हैं। ऐसे ही एक मामला आजम के रामपुर में आया है। जहां पर सपा समर्थित एक व्यक्ति ने शादी के कार्ड पर सपा नेताओं के फोटो छपवा दिए।
less than 1 minute read
• •
Updated: 12 Oct 2021, 11:43 AM IST
card_for_marriage.jpg

रामपुर. उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक रोचक खबर आ रही है। जिसमें एक व्यक्ति ने समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं के प्रति दीवानगी दिखते हुए शादी के कार्ड पर मुलायम, अखिलेश, आजम खान, अब्दुल्ला के फोटो छपवा दिये। त्रिभुवन यादव नामक इस व्यक्ति ने भगवान गणेश और स्वास्तिक चिंन्ह के स्थान पर ये फोटो छपवाए हैं।

इतना ही नहीं इस व्यक्ति ने आशीर्वाद के रूप में सपा के लिए वोट देने की मांग शादी में आने वाले मेहमानों से की है। त्रिभुवन यादव ने फर्जी दस्तावेज मामले में सीतापुर जेल में बंद पार्टी सांसद आजम खां और उनके पुत्र अब्दुल्ला आजम की रिहाई की अनूठी अपील भी इस शादी के कार्ड पर लिख कर की है।

जिले के सिविल लाइंस क्षेत्र में शिव विहार ज्वाला नगर निवासी त्रिभुवन सिंह यादव ने अपने बेटे वैभव के विवाह के निमंत्रण पत्र पर सांसद आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्लाह आजम की जेल से रिहाई की मांग की है। साथ ही वर वधु को आशीर्वाद स्वरुप 2022 के चुनाव में समाजवादी पार्टी के चुनाव चिन्ह साइकिल वाले बटन को दबाने की अपील करते हुए निमंत्रण लोगों को दिया है।

त्रिभुवन यादव के बेटे का विवाह 15 अक्टूबर को अर्चना नामक युवती से होना है। सपा के प्रति त्रिभुवन की दीवानगी की आलम यह है कि उन्होने निमंत्रण पत्र समाजवादी पार्टी के रंगों में रंगा दिया है। सपा समर्थक के शादी का कार्ड नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Published on: