रामपुर

एक गोली, दो लाशें और अनाथ हुए बच्चे: रामपुर में माता-पिता को खून से लथपथ देख कांप उठा मासूमों का कलेजा

Rampur Crime: रामपुर के शाहबाद में दर्दनाक हादसे में बर्तन कारोबारी सुनील रस्तोगी और उनकी पत्नी नेहा रस्तोगी की एक ही गोली लगने से मौत हो गई।
2 min read
May 21, 2026
rampur double murder businessman couple
रामपुर में माता-पिता को खून से लथपथ देख कांप उठा मासूमों का कलेजा

Rampur Double Murder News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। शाहबाद नगर के मुख्य बाजार में रहने वाले बर्तन कारोबारी सुनील रस्तोगी और उनकी पत्नी नेहा रस्तोगी की एक ही गोली लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

राइफल साफ करते समय हुआ दर्दनाक हादसा

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कारोबारी सुनील रस्तोगी अपनी लाइसेंसी राइफल की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक राइफल से गोली चल गई। गोली पहले सुनील की गर्दन में लगी और उसे चीरते हुए पीछे खड़ी उनकी पत्नी नेहा रस्तोगी की गर्दन के पार निकल गई। गोली लगते ही दोनों जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

बेटे-बेटी ने देखा खून से लथपथ मंजर

मृतक दंपती की बेटी कृषि रस्तोगी ने बताया कि बुधवार रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे। सुबह करीब साढ़े सात बजे अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी। वह और उसका भाई पीयूष तुरंत पहली मंजिल की ओर दौड़े, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। इसके बाद जब वे छत पर पहुंचे तो माता-पिता खून से लथपथ हालत में पड़े थे। यह दृश्य देखकर दोनों बच्चों के होश उड़ गए।

छत पर स्टूल के पास मिली राइफल

घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को छत पर एक स्टूल और राइफल मिली। पुलिस का मानना है कि सुनील रस्तोगी स्टूल पर बैठकर हथियार साफ कर रहे थे। उसी दौरान या तो गलती से ट्रिगर दब गया या फिर राइफल में पहले से फंसी गोली अचानक फायर हो गई। पुलिस को आशंका है कि कारोबारी को राइफल में गोली मौजूद होने का अंदाजा नहीं था।

कुछ सेकेंड में खत्म हो गई दो जिंदगियां

पुलिस के मुताबिक गोली इतनी नजदीक से चली कि दोनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। सुनील की गर्दन से निकलती गोली सीधे उनकी पत्नी को लगी। गर्दन पर गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार के सदस्यों ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तब तक दोनों के शरीर में कोई हरकत नहीं थी।

फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। पूरे घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई और सबूत जुटाए गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सुनील रस्तोगी शाहबाद बाजार के जाने-माने बर्तन कारोबारी थे और इलाके में उनकी अच्छी पहचान थी। पति-पत्नी की एक साथ मौत के बाद पूरे बाजार में शोक का माहौल है। पड़ोसी और रिश्तेदार परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। वहीं बेटे और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है।

Updated on:
21 May 2026 12:17 pm
Published on:
21 May 2026 12:17 pm