रामपुर

‘अदालत से न्याय नहीं मिला तो खुद इंसाफ किया, अब दूसरों की बारी’, शरीफ की हत्या में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की एंट्री?

रामपुर में 2007 के CRPF कैंप हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफ की हत्या की जिम्मेदारी झारखंड के कथित राहुल सिंह गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली है। पोस्ट में अन्य आरोपियों को भी धमकी दी गई है। पुलिस राहुल सिंह और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कनेक्शन की जांच कर रही है।
3 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 9:10 AM IST
ratlam breaking news
एसी और फ्रिज सुधारने से लेकर स्टील फर्नीचर बनाने तक का करते हैं काम

रामपुर में 2007 के सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफ की हत्या के मामले में अब झारखंड कनेक्शन सामने आया है। सोशल मीडिया पर झारखंड के कथित राहुल सिंह गैंग के नाम से एक पोस्ट जारी कर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में शरीफ की हत्या को इंसाफ बताते हुए हमले के अन्य आरोपियों को भी धमकी दी गई है। वहीं, जांच में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम भी सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट, गैंग कनेक्शन और हत्या की साजिश की जांच कर रही है।

फेसबुक पोस्ट में हत्या को बताया इंसाफ, दूसरे आरोपियों को धमकी

मोहम्मद शरीफ की हत्या के बाद 10 नवंबर को फेसबुक पर राहुल नाम की आईडी से एक पोस्ट सामने आई। इसमें झारखंड के राहुल सिंह गैंग की तरफ से हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट की शुरुआत 'जय श्रीराम, जय महाकाल और जोहार झारखंड' के नारों से की गई है। पोस्ट में साल 2007 में उत्तर प्रदेश के सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर हुए हमले का जिक्र करते हुए दावा किया गया है कि इस हमले में देश के सात जवान शहीद हुए थे। इसमें लिखा गया है कि हमले में शामिल रहे मोहम्मद शरीफ की खजुरिया थाने के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई।

पोस्ट में हत्या को इंसाफ बताते हुए लिखा गया है कि अदालत से उनके युवा भाइयों को न्याय नहीं मिला, इसलिए उन्होंने खुद इंसाफ कर दिया। साथ ही हमले में शामिल अन्य लोगों को चेतावनी देते हुए लिखा गया है कि वे अपनी तैयारी कर लें, जल्द ही उनका नंबर आने वाला है। पोस्ट में राहुल सिंह और आजाद सरकार के नाम से हैशटैग भी लगाए गए हैं।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम भी जांच के दायरे में

सोशल मीडिया पर सामने आई पोस्ट के बाद पुलिस हत्या के संभावित गैंग कनेक्शन की जांच कर रही है। इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम भी सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी गैंग की संलिप्तता या गैंगवार की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पोस्ट करने वाले की पहचान और दूसरे पहलुओं की जांच के लिए टीम लगाई गई है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

विदेश में बैठकर गैंग चलाता है राहुल सिंह

रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल सिंह झारखंड का कुख्यात अपराधी है और विदेश में बैठकर अपने गुर्गों के जरिए गैंग चलाता है। उसके खिलाफ रांची समेत झारखंड के कई जिलों में हत्या और रंगदारी के एक दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। झारखंड पुलिस की कार्रवाई के बाद वह विदेश भाग गया था। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी हो चुका है।राहुल सिंह पहले गैंगस्टर अमन साहू का करीबी बताया जाता था। अमन साहू के एनकाउंटर के बाद राहुल विदेश चला गया। बताया जाता है कि सोशल मीडिया हैंडल संभालने वाला मयंक भी उसके साथ रहने लगा था।

आमतौर पर राहुल सिंह गैंग के निशाने पर झारखंड के कोयला, बालू और जमीन कारोबारी रहे हैं। झारखंड और बिहार से बाहर किसी बड़े मामले में गैंग की ओर से जिम्मेदारी लेने का यह पहला दावा बताया जा रहा है।

पोस्टमार्टम में खुलासा, शरीफ को लगी थीं आठ गोलियां

मोहम्मद शरीफ की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि हमलावरों ने उस पर आठ गोलियां चलाई थीं। इनमें तीन गोलियां सिर, चार पेट और एक हाथ में लगी थी। शुरुआत में पुलिस को चार गोलियां लगने की जानकारी मिली थी। वारदात मंगलवार देर शाम खजुरिया थाना क्षेत्र में हुई थी। शरीफ पुलिस वेरिफिकेशन कराने के लिए थाने पहुंचा था। प्रक्रिया पूरी होने से पहले वह अपने बेटे अबु के साथ बाइक से घर लौट रहा था। थाने से करीब 300 मीटर आगे बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे घेर लिया और गोलियां बरसा दीं। हमले में शरीफ की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों हमलावर फरार हो गए।

बेटे अबूवाइज की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या की वजह तलाश रही है।एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया था। रिपोर्ट में शरीफ के शरीर में आठ गोलियां लगने की पुष्टि हुई है। बेटे की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Updated on:
12 Nov 2026, 9:10 AM IST
Published on: