रामपुर

‘जुल्म ज्यादा दिन नहीं टिकता’, सुप्रीम कोर्ट से आजम खान को राहत मिलने पर पत्नी तजीन फातिमा का बयान, जानिए चुनाव लड़ने पर क्या कहा

Tazeen Fatma on Azam Khan Supreme Court Relief: आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिलने के बाद उनकी पत्नी तंजीन फातिमा ने न्यायपालिका का आभार जताया है। उन्होंने आजम खान की गिरफ्तारी को दुर्भावनापूर्ण बताया। साथ ही चुनाव लड़ने को लेकर भी बड़ा बयान दिया है।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 1:07 PM IST
Azam Khan Supreme Court Relief, Tazeen Fatma Reaction, Azam Khan Arrest Case, Akhilesh Yadav
आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने पर बोलीं तजीन फातिमा (PC: IANS)

Tazeen Fatma on Azam Khan Supreme Court Relief: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद उनकी पत्नी और पूर्व विधायक तजीन फातिमा की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। तजीन फातिमा ने न्यायपालिका और वकीलों का आभार जताते हुए कहा है कि, उन्हें शुरू से ही ऊपर वाले पर पूरा भरोसा था। इसके साथ ही उन्होंने गिरफ्तारी की प्रक्रिया को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला है। इसके साथ ही चुनाव लड़ने के सवाल पर भी तजीन फातिमा ने अपनी राय रखी।

हमें अल्लाह और ईश्वर पर पूरा भरोसा था

तजीन फातिमा ने कहा कि उन्हें शुरुआत से ही ईश्वर और अल्लाह पर पूरा भरोसा था कि एक दिन उन्हें न्याय जरूर मिलेगा। उन्होंने कहा कि मैं माननीय सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट की बहुत आभारी हूं जिन्होंने अंततः हमें न्याय दिया। इसके अलावा उन्होंने कपिल सिब्बल साहब और रामपुर के उन सभी वकीलों का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया जिन्होंने इस मुश्किल कानूनी लड़ाई में उनके परिवार का पूरा साथ दिया।

'जुल्म ज्यादा दिन तक नहीं टिकता'

आजम खान की गिरफ्तारी के तरीके पर तजीन फातिमा ने कहा कि कोर्ट ने अपने फैसले में साफ कहा है कि गिरफ्तारी का तरीका बिल्कुल गलत और दुर्भावनापूर्ण था। तजीन ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि जुल्म कभी भी ज्यादा दिन तक नहीं टिक सकता। जुल्म करने वाले को यह बात अच्छी तरह समझ लेनी चाहिए कि उससे भी बड़ी एक ताकत ऊपर मौजूद है जो इस तरह के अत्याचार को ज्यादा दिन तक नहीं चलने देगी।

चुनाव लड़ने के सवाल पर कही ये बात

आगामी चुनाव लड़ने को लेकर चल रही चर्चाओं पर तजीन फातिमा ने पूरी तरह से विराम लगा दिया है। उन्होंने कहा कि वह अभी चौतरफा परेशानियों और मुकदमों में उलझी हुई हैं इसलिए फिलहाल वह या उनके परिवार का कोई भी सदस्य चुनाव लड़ने के बारे में बिल्कुल नहीं सोच रहा है। उन्होंने कहा कि इस वक्त हमारा सबसे पहला और एकमात्र लक्ष्य आजम साहब को इन तमाम मुश्किलों और जेल से सुरक्षित बाहर निकालना है।

अखिलेश यादव के बयान पर क्या बोलीं तजीन फातिमा?

सपा मुखिया अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए तजीन फातिमा ने उनका समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने अपनी भावनाएं बहुत स्पष्ट रूप से जाहिर की हैं और वे हमेशा हमारे परिवार के साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने कोर्ट का भी धन्यवाद किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के नाते अखिलेश यादव ने जो कुछ भी कहा है वह पूरी तरह से सही है।

Updated on:
18 Nov 2026, 1:07 PM IST
Published on: