रामपुर

राहुल रॉय और अली खान ने सम्मानित की प्रदेश की प्रतिभाएं, भव्य आयोजन में बॉलीवुड हस्तियों ने बिखेरे जलवे

Rampur News: रामपुर में आयोजित ‘उत्तर प्रदेश का गौरव अवार्ड शो’ में राहुल रॉय और अली खान की मौजूदगी में यूपी की विभिन्न प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

2 min read
Feb 17, 2026
up gaurav award show rampur bollywood
राहुल रॉय और अली खान ने सम्मानित की प्रदेश की प्रतिभाएं | Image Video Grab

UP Gaurav Award: रामपुर के एक होटल में ‘उत्तर प्रदेश का गौरव अवार्ड शो’ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बॉलीवुड और टीवी जगत की जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अभिनेता राहुल रॉय और अली खान के शहर पहुंचने पर आयोजकों और स्थानीय लोगों ने पारंपरिक अंदाज में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। आयोजन स्थल को भव्य सजावट और आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया, जिससे पूरे कार्यक्रम में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

स्थानीय प्रतिभाओं को मिला मंच

इस अवार्ड शो का संयुक्त आयोजन रामपुर के मॉडल व अभिनेता ऋषभ रस्तोगी और समर सैलून एकेडमी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का निर्देशन अभिनेता एवं निर्माता शिवांश पाठक ने संभाला। आयोजकों का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की उभरती हुई प्रतिभाओं को पहचान दिलाना और उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस पहल की शहर के बुद्धिजीवियों और युवाओं ने भी जमकर सराहना की।

सहयोगी पार्टनर्स का अहम योगदान

कार्यक्रम में शादाब बाबा ग्रुप, बरेली के गायक बिलाल खान, शोएब सिद्दीकी और शायर मासूम सहयोगी पार्टनर के रूप में शामिल हुए। सभी पार्टनर्स ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। मंच संचालन से लेकर मेहमानों की मेजबानी तक हर स्तर पर टीमवर्क देखने को मिला, जिससे कार्यक्रम का स्तर और भी ऊंचा नजर आया।

विजेताओं को मिला ‘उत्तर प्रदेश का गौरव’ सम्मान

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में उत्तर प्रदेश की विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को “उत्तर प्रदेश का गौरव” सम्मान से नवाजा गया। सम्मान पाने वालों में शरद गुप्ता, डॉ. शादाब खान, शोभित जैन खंडेलवाल, अमित सहगल, विभम सक्सेना, अमान खान, कृष्णा रस्तोगी, शोएब सिद्दीकी, रमज़ा खान, डॉ. अनीस बेग, समर्थ रस्तोगी, श्रीश गुप्ता, आर.डी. मूवीज़, ईशानी ठाकुर, आयुषी सक्सेना, अंजना सिंह, रवि सागर और सलमान शमशी सहित कई अन्य नाम शामिल रहे। इन सभी को मंच पर बुलाकर अभिनेता राहुल रॉय, अली खान और शादाब बाबा ने सम्मानित किया।

देशभक्ति से सजी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

कार्यक्रम के दौरान रामपुर के नर्तकों ने पुलवामा हमले पर आधारित भावनात्मक प्रस्तुति देकर दर्शकों को भावुक कर दिया। इस प्रस्तुति ने देशभक्ति और बलिदान की भावना को मंच पर जीवंत कर दिया। वहीं बरेली के गायक बिलाल खान और उनकी टीम ने फिल्म ‘आशिकी’ के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को पुरानी यादों में लौटा दिया।

युवाओं को मिला प्रोफेशनल मार्गदर्शन

मुरादाबाद की सैलून अकादमी से आए युवाओं ने मंच पर मेकअप और हेयर स्टाइलिंग से जुड़े प्रोफेशनल टिप्स साझा किए। इससे कार्यक्रम केवल सम्मान समारोह तक सीमित न रहकर युवाओं के लिए सीखने का मंच भी बन गया। कई युवाओं ने इस सेशन को अपने करियर के लिए प्रेरणादायक बताया।

Published on:
17 Feb 2026 08:32 pm