रांची

पारा शिक्षक हत्याकांड मामले में विधायक एनोस एक्का दोषी करार,इस दिन हो सकता है सजा का एलान

भादवि की जिन धाराओं के तहत एनोस एक्का को दोषी करार दिया गया है और उसके तहत दो साल से अधिक सजा हुई, तो उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो जाएगी...
3 min read
• •
Updated: 30 Jun 2018, 1:52 PM IST
enosh ekka file photo
enosh ekka file photo

रवि सिन्हा की रिपोर्ट...

(रांची): झारखंड पार्टी विधायक एनोस एक्का को सिमडेगा जिले की निचली अदालत ने पारा शिक्षक मनोज कुमार हत्याकांड मामले में शनिवार को दोषी करार दिया है। सिमडेगा के एडीजे नीरज श्रीवास्तव की अदालत ने कोलेबिरा विधायक एनोस एक्का समेत दो लोगों को दोषी करार दिया। सजा के बिन्दुओं पर सुनवाई तीन जुलाई को होगी। रांची के बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल में बंद एनोस एक्का की अदालत में पेशी वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से हुई।

परिजन कर रहे फांसी की मांग

पारा शिक्षक मनोज कुमार के भाई ने अदालत के फैसले पर संतोष व्यक्त करते कहा कि अब इलाके से एनोस का आतंक खत्म हो जाएगा। उन्होंने अदालत से अपील की है कि हत्याकांड के दोषियों को फांसी की सजा हो। गौरतलब है कि पारा शिक्षक की हत्या नवंबर 2014 में हुई थी। हत्या के आरोप में गिरफ्तार एनोस एक्का 27 नवंबर 2014 से जेल में बंद है। एनोस एक्का 2005, 2009 और 2014 में सिमडेगा जिले के कोलेबिरा विधानसभा सीट से झारखंड पार्टी प्रत्याशी के रुप में चुनाव जीते है।

यह है मामला

पारा शिक्षक मनोज कुमार कोलेबिरा क्षेत्र के जताटांड़ स्कूल में कार्यरत थे और शाहपुर प्रखंड संघर्ष समिति और कोलेबिरा प्रखंड के पारा शिक्षक संघ के अध्यक्ष थे। इसके पहले वे एनोस एक्का की झारखंड पार्टी के सक्रिय सदस्य भी थे। वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले एनोस एक्का का साथ छोड़ कर वे दूसरे पार्टी के उम्मीदवार का समर्थन कर रहे थे। बताया गया है कि 26नवंबर 2014 को वे अपने सहयोगी पारा शिक्षक संजू नायक के साथ स्कूल में बैठे थे, तभी मोटरसाईकिल पर सवार दो हथियारबंद अपराधी आये और जबरन मनोज कुमार को उठाकर अपने साथ ले गये। बाद में कोलेबिरा के जंगल से मनोज का शव अगली सुबह को बरामद किया गया।

इस संबंध में मृतक के परिजनों ने एनोस एक्का को नामजद अभियुक्त बताते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी थी। अनुसंधान के बाद पुलिस ने एनोस एक्का को ठाकुरटोली स्थित आवास से उन्हें गिरफ्तार कर लिया था और तब से वे अब तक जेल में बंद है।


पहले ही व्यक्त कर दी थी हत्या की आशंका

मनोज कुमार द्वारा पहले ही आशंका व्यक्त की गयी थी कि उनकी हत्या की जा सकती है और एनोस एक्का उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे है। इस संबंध में मनोज कुमार ने तत्कालीन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ज्ञापन भी सौंप कर सुरक्षा की गुहार लगायी थी। पारा शिक्षक की हत्या के बाद तत्कालीन एसपी राजीव रंजन के निर्देश पर बिना समय गंवाए पुलिस ने रात दो बजे एनोस एक्का को सिमडेगा जिले के ठाकुरटोली स्थित आवास से गिरफ्तार कर थाना ले आयी और फिर उन्हें जेल भेज दिया गया। बताया गया है कि विधायक एनोस एक्का के खिलाफ पहले स्थानीय थाने में 58/2014 के तहत अपहरण का मामला दर्ज कराया गया और दूसरे दिन मनोज कुमार का शव बरामद होने के बाद इसे अपहरण और हत्या के मामले में बदल दिया गया। इस बीच पुलिस ने पीएलएफआई उग्रवादी बारुद गोप के मोबाइल फोन को सर्विलांस पर ले रखा था। इस फोन पर हुई बातचीत के आधार पर पुलिस ने जांच के बाद विधायक एनोस एक्का और बारुद गोप के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था।

चौथे विधायक की विस सदस्यता होगी समाप्त


वर्ष 2014 में संपन्न झारखंड विधानसभा चुनाव के बाद अब तक तीन विधायकों कमल किशोर भगत, अमित महतो और योगेंद्र महतो को निचली अदालत द्वारा विभिन्न मामलों में दोषी करार दिये जाने और दो वर्ष या दो वर्ष से अधिक सजा सुनाये जाने के फैसले के कारण उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द हो चुकी है। अब यदि एनोस एक्का को दो साल से अधिक की सजा होती है, तो मौजूदा कानून के तहत उनकी विधानसभा सदस्यता भी खत्म हो जाएगी।

Published on: