रांची

विधानसभा चुनाव: अब झारखण्ड में झण्डा फतह का इरादा

झारखण्ड विधानसभा चुनाव: लोजपा ने छह सीटों पर की दावेदारी। रामविलास 20 सितम्बर को आएंगे।

2 min read
Aug 31, 2019
झारखण्ड विधानसभा चुनाव

(रांची). राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) (National Democratic Alliance) में शामिल लोक जनशक्ति पार्टी (Lok Janshakti Party) ने झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। इस वर्ष के अन्त में झारखण्ड में विधानसभा चुनाव से पहले मुलाकातों के सिलसिले चलते रहेंगे। ऐसे में लोजपा ने झारखण्ड में आधा दर्जन सीटों पर दावेदारी पेश करके चुनावी समीकरण मजबूत करने का प्रयास किया है। लोजपा की ओर से राज्य की छह विधानसभा सीटों पर प्रारंभिक दावेदारी प्रस्तुत की गई है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान खुद जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लडऩे की तैयारी में जुटे हैं।

हुसैनाबाद में होगा कार्यकर्ता सम्मेलन
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान भी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए आगामी 20 सितम्बर को एक दिवसीय दौरे पर झारखंड आएंगे। लोजपा प्रमुख पासवान पलामू जिले के हुसैनाबाद क्षेत्र में पार्टी की ओर से आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। हालांकि पहले पासवान 12 सितंबर को झारखंड आने वाले थे, लेकिन उस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।

लोजपा की झारखंड में मजबूत स्थिति-प्रधान
इससे पहले केंद्रीय खाद्य आपूर्ति एवं सार्वजनिक वितरण मामलों के मंत्री रामविलास पासवान से झारखंड प्रदेश लोजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान और अन्य पार्टी नेताओं ने नई दिल्ली में मुलाकात की। प्रधान ने पासवान को झारखंड की राजनीतिक स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने जानकारी दी कि लोजपा की राज्य में मजबूत स्थिति है। पासवान को बताया गया कि पार्टी राज्य विधानसभा चुनाव में उन सीटों से चुनाव लडऩे के लिए पूरी तरह तैयार है। जहां भाजपा या तो गत चुनाव में हार गई थी या फिर उनका कोई उम्मीदवार खड़ा नहीं होगा। बताया गया है कि पासवान ने भी पार्टी नेताओं को भरोसा दिलाया है कि विधानसभा चुनाव में तालमेल को लेकर भाजपा एवं अन्य सहयोगी पार्टी से चुनाव में भागीदारी पर बातचीत की जाएगी।

इधर, चिराग ने दिए संगठन मजबूती के निर्देश
इस अवसर पर लोजपा संसदीय दल के अध्यक्ष एवं जमुई के सांसद चिराग पासवान ने पार्टी की झारखंड इकाई को चुनाव से पूर्व संगठन को पूरी तरह मजबूत करने का निर्देश दिए। जानकर सूत्रों के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान स्वयं जरमुंडी (Jarmundi-Vidhan Sabha constituency) से चुनाव लड़ सकते हैं। इसके अलावा पार्टी 5 और सीटों पर चुनाव लड़ सकती है।

लोजपा का दावा: झारखंड में पार्टी का खासा वोट
लोजपा का दावा है कि झारखंड में पार्टी का अच्छा खासा वोट बैंक है और लोकसभा चुनाव में एनडीए के सहयोगी दल के रूप में भाजपा-एनडीए उम्मीदवारों की जीत में बड़ी भूमिका निभाने का काम किया गया था।

Published on:
31 Aug 2019 11:06 pm
Also Read
View All