
रवि सिन्हा की रिपोर्ट...
(रांची): राज्य में मॉनसून के कमजोर रहने के कारण औसत की तुलना में अबतक लगभग पैतीस प्रतिशत बारिश कम हुई है। मॉनसून के दौरान अब तक अपेक्षित बारिश नहीं होने से राज्य के कई जिलों में सुखाड़ की आशंका उत्पन्न हो गयी है और किसानों के सामने गंभीर संकट पैदा हो गया। हालांकि मौसम विभाग की ओर संभावना जतायी गयी है कि अगले कुछ दिनों में राज्यभर में मॉनसून की अच्छी बारिश होगी और अब तक औसत से जो कम बारिश हुई है,उसकी भरपाई हो जाएगी।
राज्य के खूंटी, गढ़वा, चतरा, दुमका , गढ़वा और साहेबगंज जिले में औसत की तुलना में आधी से भी कम वर्षा हुई है और खरीफ की बुआई में इसका असर पड़ा है। सबसे खराब स्थिति खूंटी जिले की है,जहां औसत से 79फीसदी कम बारिश हुई है, जबकि चतरा में औसत से 70 प्रतिशत कम, दुमका में 50 प्रतिशत, गढ़वा में 65 प्रतिशत, रांची में 51 प्रतिशत और साहेबगंज में 63 प्रतिशत कम बारिश हुई है। राज्य में सिर्फ एक हजारीबाग जिला ही एकमात्र ऐसा जिला है,जहां औसत से दो प्रतिशत अधिक बारिश हुई है, शेष सभी 23 जिलों में 20 से लेकर 79 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
यह कह रहा मौसम विभाग
मौसम विभाग से प्राप्त सूचना के अनुसार राज्य में पिछले चौबीस घंटे के दौरान पूर्वी सिंहभूम और धनबाद जिले के कुछ इलाके में मामूली वर्षा हुई है, जबकि घाटशिला में उन्नीस मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गयी। अपने पूर्वानुमान में मौसम विभाग ने बताया है कि अगले तीन-चार दिनों में राजधानी रांची के अलावा आसपास के इलाके में हल्की वर्षा हो सकती है। मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से राज्य के विभिन्न इलाकों में आसमान में बादल छाये हुए है , 11 जुलाई से इसमें तेजी आने से बारिश होगी। आने वाले
दो सप्ताह में संतालपरगना, कोल्हा और उत्तरी एवं दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के विभिन्न जिलों में तेज बारिश की संभावना व्यक्त की गयी है, जिससे जून महीने में कम बारिश की भरपाई काफी हद तक पूरा हो जाने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि वर्ष 2017 में भी जून महीने में मात्र 98मिलीमीटर बारिश हुई थी, लेकिन बाद में स्थिति में सुधार आयी थी, उसी तरह इस बार भी जुलाई व अगस्त में होने वाली बारिश से खेती कार्य बेहतर हो सकेगा।
इधर,कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार खरीफ मौसम में 18लाख हेक्टेयर भूमि में रोपनी का लक्ष्य लखा गया था, लेकिन कम बारिश के कारण जुलाई के पहले सप्ताह तक मात्र 1.11लाख हेक्टेयर भूमि पर रोपनी हो पायी है। बताया गया है कि विलंब से बारिश होने पर किसान धान की रोपनी तो कर लेंगे, लेकिन उसका सीधा असर उत्पादन पर भी पड़ेगा।
सांसद समीर उरांव का फोटो सोशल मीडिया में वायरल
राज्य के अधिकांश जिलों में इस बार खेती का काम प्रभावित हुआ है, लेकिन गुमला में औसत रुप से रोपनी का कार्य बेहतर हुआ है। भाजपा के प्रदेश उपध्यक्ष और राज्यसभा सांसद समीर उरांव की एक तस्वीर पिछले तीन-चार दिनों से सोशल मीडिया में वायरल हो रही है, इस फोटो में समीर उरांव हल लेकर खड़े है और बनियान एवं हॉफ पैंट पहने उनके शरीर पर कीचड़ लगे हैं। फोटो देखने से लगता है कि वह खेत में हल चलाकर निकले है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व मुख्यमंत्री समेत अन्य नेता तस्वीर की प्रशंसा कर चुके है।