
(रांची): झारखंड के गिरिडीह जिले के राजधनवार थाना क्षेत्र में एक महिला ने ससुराल वालों के प्रताड़ना से तंग आकर अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में कूद कर आत्महत्या कर ली। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप लगाया है,वहीं मृतका का पति फरार हो गया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार राजनधनवार थाना क्षेत्र के नीमडीह गांव की रहने वाली 35वर्षीय जुवेदा खातून ने अपने 11वर्षीय पुत्र मोजमिमिल, 8वर्षीय पुत्र मोजसिर और पांच वर्षीय पुत्र दानिशल के साथ खुदकुशी कर ली। मृतका के ससुराल वालों की ओर से शनिवार रात 11 बजे जुवेदा और बच्चों के गायब होने की सूचना पुलिस को दी गयी। बाद में मृतका के मायके वाले और पुलिस गांव पहुंची, तो घर के निकट ही एक कुएं से चारों के शव मिलें।
घटना के बाद से जुवेदा का पति मनोव्वर अंसारी परिवार के साथ गांव से फरार हो गया। बताया गया है कि मनोव्वर का अपना जेसीबी मशीन था। मृतका के मायके वालों ने बताया कि 15वर्ष पहले दोनों की शादी हुई थी और जुवेदा को ससुराल में काफी प्रताड़ित किया जाता था। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसडीपीओ प्रभत रंजन बरबाड़ ने बताया कि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने बताया कि मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है, आरोपियों के सामने आने के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के चाचा अलाउदीन ने बताया कि शनिवार की शाम 6 बजे ससुरालवालों ने उसके गांव के दूसरे व्यक्ति को खबर दी कि महिला अपने बच्चों के साथ लापता है। यह जानकारी मिलने के बाद वे सभी गांव पहुंचे और मृतका के पति से जानकारी ली, तो कभी बताया कि जुवेदा ऑटो से चली गयी, तो कभी कहता कि वह वसुंधरा नामक बस से गयी है। बाद में खोजबीन शुरू हुई और मृतका का पति व ससुराल वाले भी उनके साथ खोजबीन में लग गएं, अचानक 11 बजे के बाद मृतका के ससुराल वाले एक-एक कर फरार हो गये और मृतका के मायके के ठीक सामने के कुंआ के पास लोग पहुंचे,तो कुंआ के बाहर चारों की लाश पड़ी मिली।