
(रांची): आवश्यक वस्तुओं की कीमत में बढ़ोत्तरी और पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, केरोसीन तेल, होल्डिंग टेक्स एवं बिजली बिल की दरों में अप्रत्याशित वृद्धि के विरोध मे झारखंड विकास मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा सोमवार को राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित गांधी प्रतिमा से बिरसा चौक तक “साइकिल यात्रा“ निकाली गई। पार्टी प्रमुख बाबूलाल मरांडी रिक्शा पर बैठकर यात्रा में शामिल हुए, वहीं विधायक दल के नेता प्रदीप यादव समेत अन्य नेता-कार्यकर्त्ता साईकिल चलाते हुए यात्रा पूरी की।
इससे पहले साईकिल यात्रा में शामिल झाविमो के हजारों कार्यकर्ता रांची के मोरहाबादी स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद पार्टी प्रमुख बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में झंडा- बैनर एवं तख्ती के साथ नारेबाजी करते हुए रेडियम रोड, कचहरी चौक, न्यूमार्केट से हरमू रोड होते हुए अशोकनगर, डोरंडा, हिनू से होते हुए 10 किलोमीटर की यात्रा कर शहीद बिरसा मुंडा चौक पहुंचे और वहां प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद यह यात्रा सभा मे तब्दील हो गई।
महंगाई बढाकर मोदी सरकार दे रही बहुमत देने की सजा
सभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पूरे देश में महंगाई चरम सीमा पर पहुँच चुकी है। मोदी सरकार देश की जनता को बहुमत देने की सजा दे रही है। बाबूलाल मरांडी ने कहा मोदी सरकार महंगाई को ही मुद्दा बनाकर सत्ता में आई थी, लेकिन अब महंगाई पर सरकार की जबान नही खुल रही। देश के इतिहास में पहली बार पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस की दाम इतनी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार को पेट्रोल-डीजल को भी जीएसटी के लाना चाहिए।
खत्म हुआ कानून का इकबाल
उन्होंने चरमराई कानून-व्यवस्था पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में अपराध चरम पर है। कानून का इकबाल खत्म हो गया है। राजधानी, रांची अपराधियों का सेफ जोन बन चुका है। अब तो मुख्यमंत्री आवास के पास भी जनता सुरक्षित नही है। अपराधी बेपरवाह लूट-हत्या कर रहें है। सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार के खिलाफ यह यात्रा यहीं नही रुकेगी, पूरे राज्य में इस यात्रा को चलाकर जनता को बताया जाएगा।
बीजेपी को बताया गरीब विरोधी पार्टी
इस मौके पर पार्टी के केंद्रीय प्रधान महासचिव प्रदीप यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई से सरकार के प्रति जनता में भारी आक्रोश है। चाहे बिजली बिल हो, होल्डिंग टैक्स हो या निगम क्षेत्र में यूजर चार्ज हर तरफ से सरकार आम जनता की जेब कतर रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था पर राज्य के मुख्यमंत्री मौन हैं, अब उनकी बेडरूम में हत्या होगी तब उनकी नींद खुलेगी। उन्होंने कहा भाजपा सरकार पूर्ण रूप से गरीब विरोधी है। 2019 में जनता इस सरकार को राज्य एवं केन्द्र दोनों जगहों से उखाड़ कर फेंकेगी।