
(रांची): मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि केरल में आई भीषण बाढ़ से वे काफी चिंतित है। उन्होंने बताया कि बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए झारखण्ड सरकार की ओर से केरल सरकार को 5 करोड़ रु की आर्थिक मदद दी जा रही है। विपदा की इस घड़ी में झारखण्ड की सवा तीन करोड़ जनता केरल के लोगों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केरल में बाढ़ पीड़ितों को हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है। उन्होंने आमजनों से भी अपील की कि राहत के काम में सभी को आगे आना चाहिए, लोग खुलकर प्रधानमंत्री राहत कोष में सहयोग कर केरल के साथियों की मदद करें।
केरल में आई बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए कई स्वयंसेवी संस्थाओं और गैर सरकारी संगठनों की ओर से अपने स्तर से सहायता सामग्री और नकद राशि एकत्रित करने का काम शुरू कर दिया गया है। इन राहत सामग्रियों और सहायता राशि को मुख्यमंत्री राहत कोष और अन्य माध्यमों के माध्यम से केरल के बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचाने की तैयारी है। बताया गया है कि राहत एवं बचाव कार्य के लिए कुछ स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यकर्त्ता भी जल्द ही केरल रवाना होंगे। राज्यवासी इससे पहले भी देशभर के विभिन्न हिस्सों में आयी प्राकृतिक आपदा के दौरान दिल खोलकर मदद करने में आगे रहते है। गौरतलब है कि केरल में बाढ़ ने पिछले 100 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सूबे के कई हिस्से जलमग्न हो गए हैं और तीन सौ से ज्यादा लोगों की जान चली गई है। इसके अलावा काफी संख्या में लोग बाढ़ में फंसे हुए हैं। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद हवाई सर्वेक्षण कर इलाके का जायजा लिया है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने रांची आने से पहले नई दिल्ली हवाईअड्डे पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ भी बातचीत की। बताया गया है कि इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान दोनों राज्यों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई।