रांची

झारखंड में मॉनसून रुठा, खेती की तैयारी में जुटे किसानों में मायूसी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के विपरीत समय से पहले मॉनसून तो नहीं पहुंचा, बल्कि निर्धारित समय से भी 10-12 दिन विलंब से मॉनसून के आने की संभावना है
2 min read
Jun 16, 2018
disappointed farmer
disappointed farmer

(रवि सिन्हा की रिपोर्ट)

रांची। भारतीय मौसम विभाग ने झारखंड में इस वर्ष निर्धारित समय से करीब एक सप्ताह पहले मॉनसून के पहुंच जाने की संभावना व्यक्त की थी। आमतौर पर झारखंड में 10 से 12 जून के बीच मॉनसून का प्रवेश हो भी जाता है, लेकिन इस बार मौसम विभाग के पूर्वानुमान के विपरीत समय से पहले मॉनसून तो नहीं पहुंचा, बल्कि निर्धारित समय से भी 10-12 दिन विलंब से मॉनसून के आने की संभावना है।रांची स्थित मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिकों ने बताया है कि झारखंड में
मॉनसून आने में अभी कुछ दिन और लग सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार अभी मानसून ओडि़शा और पश्चिम बंगाल के क्षेत्रों में ठहर गया है।

बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका

मौसम विभाग की ओर से यह भी जानकारी दी गयी है कि अगले दो-तीन दिनों तक रांची, जमशेदुपर, गुमला, लोहरदगा, पलामू, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग आदि क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे और उमस भरी गर्मी बनी रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग की ओर से जो नया पूर्वानुमान जारी किया गया है, उसके तहत रांची और आसपास के इलाके में 23-24 जून तक मॉनसून की बारिश की संभावना है। हालांकि अगले पांच दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने और गरज के साथ बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की है।

किसानों ने कर ली थी धनरोपणी


मौसम विभाग की ओर से पूर्व में जो सूचना दी गयी थी कि उसके मुताबिक किसानों ने मई के अंतिम व जून के पहले सप्ताह में हुई प्री-मॉनसून बारिश के दौरान ही खेत को तैयार कर लिया। कुछ किसानों ने धनरोपणी का भी काम पूरा कर लिया और खेतों में बीज भी बो दिए, लेकिन अब बारिश नहीं होने से धान के बिचड़े सूखने लगे हैं। वहीं अन्य सब्जियों व फसल के लिए जो बीज खेत में डाले थे, उसका भी कुछ लाभ नहीं मिल पा रहा है। मॉनसून के कुछ दिनों के लिए रुठने के कारण किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है। किसान की मेहनत बेकार जाने के साथ ही धनरोपणी और अन्य फसलों के लिए बीज रोपण के कारण उन्हें आर्थिक क्षति का भी सामना करना पड़ा है।

पेयजल संकट गहराया

इधर, जून महीने में बारिश नहीं होने से लोगों को उमस भरी गर्मी के साथ ही पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है। रांची का अधिकतम तापमान फिर करीब 38 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा है, वहीं डालटनगंज, जमशेदपुर समेत कई शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा पहुंचा है। बारिश के मौसम के कारण लोगों को उमस से भी खासी परेशानी हो रही है। शहर के कई हिस्सों में एक बार फिर से पेयजल संकट भी गहराने लगा है। रांची के कई सूखाग्रस्त इलाकों में नगर-निगम द्वारा टैंकर के माध्यम से पानी पहुंचाने का काम किया जा रहा है, वहीं लोगों की यह भी शिकायत है कि उन्हें निगम की ओर से पर्याप्त पानी नहीं उपलब्ध कराया जा रहा है। राज्य की कई प्रमुख नदियां, डैम, तालाब और अन्य जलाशयों का जलस्तर नीचे चला गया है या सूख गया है। सभी लोगों को मॉनसून का इंतजार है।

Published on:
16 Jun 2018 05:08 pm
Also Read
View All
Jharkhand Government: 8 और 9 जुलाई को झारखण्ड सरकार नई दिल्ली में आयोजित करेगी ‘नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन’, जुटेंगे देश-विदेश के उद्योगपति

रांची के JSCA स्टेडियम में भगदड़, झारखंड प्रीमियर लीग फाइनल के दौरान मची अफरा-तफरी, 3 घायल अस्पताल में भर्ती

क्या झारखंड के चलते भाजपा-जदयू में बढ़ेगी खटास? हेमंत सोरेन को JDU का खुला समर्थन, BJP सांसद ने सवाल से किया किनारा

‘जहां भरोसा होता है, वहीं धोखा होता है’, क्रॉस वोटिंग का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने RJD और CPI(ML) पर साधा निशाना

राज्य सभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस का बयान, कहा- JMM के चार वोट मिले, पैसे पर बिक गए विधायक