रांची

​​​​​पर्यावरण संरक्षण के लिए 365 दिन काम करने की जरूरत-राज्यपाल

राज्यपाल रविवार को रांची में गैर सरकारी संगठन विकास भारती द्वारा विश्व पर्यावरण जागरूकता सप्ताह के समापन समारोह को संबोधित कर रही थीं
2 min read
• •
Updated: 10 Jun 2018, 6:33 PM IST
governer file photo
governer file photo

रवि सिन्हा की रिपोर्ट....

(रांची): राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा है विश्व पर्यावरण दिवस को केवल एक दिन पांच जून ही नहीं बनाना चाहिए, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिए 365 दिन काम करने की जरूरत है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण में हर के लिए व्यक्ति से आगे आने की अपील की।


आदिवासियों को है पर्यावरण संरक्षण का ज्ञान

राज्यपाल रविवार को रांची में गैर सरकारी संगठन विकास भारती द्वारा विश्व पर्यावरण जागरूकता सप्ताह के समापन समारोह को संबोधित कर रही थीं। राज्यपाल ने कहा कि वनों में रहने वाले जनजातीय समुदाय के लोगों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व पता होता है, वे किसी प्रतिमा की पूजा नहीं करते,बल्कि सरना स्थल में पेड़-पौधों की पूजा करते है।


वनवासी कभी मंदिर, मस्जिद और गुरुद्वारा नहीं बनाते, प्रकृति की पूजा और साधना ही लीन रहते है। उन्हें पर्यावरण संरक्षण का व्यवहारिक ज्ञान है। राज्यपाल ने कहा कि झारखंड में करीब 26 फीसदी आदिवासी समाज के लोग रहते है, लेकिन जनजातीय समुदाय के अलावा हर हाथ पर्यावरण संरक्षण के लिए बढ़ना चाहिए।

हर कदम पर साथ चले विकास और पर्यावरण संरक्षण

उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपन्न राज्य है, यहां खनन भी हो, उद्योग स्थापित हो, विकास के काम हों, लेकिन पर्यावरण सुरक्षित भी रहे, इस दिशा में भी सभी को सोचना चाहिए। उन्होंने बताया कि एक पेड़ कटने पर 10-20 पेड़ लगाने का पहले से ही प्रावधान है, लेकिन इसका सही तरीके से पालन नहीं हो पा रहा है, जिसके कारण आज पूरी दुनिया में पर्यावरण संरक्षण पर चिंता
व्यक्त की जा रही है।

केवल सरकार पर न छोडे पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी

इस मौके पर नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रयासरत है, पिछले वर्ष एक करोड़ पौधे लगाने का काम किया। उन्होंने कहा कि वनवासी समाज को पर्यावरण संरक्षण को लेकर शिक्षा देने की जरूरत नहीं है, वे जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहते है।

विकास भारती विशुनपुर के सचिव अशोक भगत ने कहा कि जंगल को लगाना संभव नहीं है, जंगल प्रकृति और कुदरत की देन है, पौधरोपण की जिम्मेवारी सिर्फ सरकार पर ही नहीं छोड़ी जा सकती, इसके लिए सभी लोगों की सहभागिता जरूरी है।

यह लोग रहे समारोह मे उपस्थित

समारोह में राज्यसभा सांसद समीर उरांव, विधायक गंगोत्री कुजूर, नवीन जायसवाल, शिवशंकर उरांव, जीतू चरण राम समेत अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद थे। इस मौके पर बैगा, मानकी-मुंडा एवं अन्य परंपरागत ग्राम प्रधान को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया।

Published on: