रांची

2019 में भाजपा व सहयोगी दलों की संख्या बढ़ेगी-राम माधव

राममाधव रविवार को रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे...
2 min read
Jun 10, 2018
bjp meeting
bjp meeting

रवि सिन्हा की रिपोर्ट...


(रांची): भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री राममाधव ने कहा है कि वर्ष 2019 में भाजपा के सहयोगी दलों की संख्या भी बढ़ेगी और सीट भी बढ़ेगी। देश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ है।


मोदी के नेतृत्व में देश बना शक्तिशाली

राममाधव रविवार को रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। राम माधव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया के शक्तिशाली देश के रूप में उभरा है। यहां की अर्थव्यवस्था तेज गति से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं गांव, गरीब और किसान की हितकारी हैं। इस सरकार ने लोककल्याण के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन में जनभागीदारी को बढ़ाया है।


भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद लक्ष्मण गिलुवा ने प्रदेश पदाधिकारियों और कोर कमेटी की बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश की सभी 14 लोकसभा सीटों एवं विधानसभा की 60 प्लस सीटों को जीतने की कार्ययोजना पर कार्य कर रही है और इसे हम जनसमर्थन से पूर्ण भी करेंगे।

लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि पिछले वर्ष सितंबर में राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के निर्देश पर पार्टी की संगठनात्मक रचना को मजबूत करने की दिशा में पार्टी ने लगातार प्रगति की है। बूथों की कमेटी से लेकर समाज के सभी वर्गों को जोड़ने की दिशा में हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं। पन्ना प्रमुख के माध्यम से प्रत्येक मतदाता तक सीधा संवाद स्थापित करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की 4 वर्षों की उपलब्धियों के लेकर कार्यकर्ता घर-घर पहुंच रहे हैं तथा मोदी सरकार की योजनाओं से अवगत करा रहे हैं। इसके अतिरिक्त इस संपर्क अभियान में लाभार्थी सम्मेलन, प्रबुद्धजन गोष्ठी, स्वच्छता अभियान, मोटरसाइकिल रैली आदि कार्यक्रम चलाकर जनसम्पर्क को तेज किया जा रहा है।

आज की कोर कमेटी की बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री राममाधव, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, केन्द्रीय मंत्री सुदर्शन भगत, जयंत सिन्हा, मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, सांसद डॉ. रवीन्द्र कुमार राय उपस्थित थे।

Published on:
10 Jun 2018 06:58 pm