
(पत्रिका ब्यूरो,रांची): राजधानी रांची में एक ओर जहां अपराधी हत्या, लूट और छिनतई की घटना को अंजाम देने में सफल हो जा रहे है, वहीं पुलिसिया मुस्तैदी की वजह से अपराधिक घटना को अंजाम देने के पहले ही आठ युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस को देख भागने लगे
रांची के सिटी एसपी अमन कुमार ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि लालपुर थाना प्रभारी मंगलवार को रात्रि गश्ती पर थे, तभी करीब नौ बजे गुप्त सूचना मिली कि मोरहाबादी के फुटबॉल मैदान के निकट कुछ अपराधी किसी अपराध की योजना बना रहे है। इस सूचना पर पुलिस ने मोरहाबादी के फुटबॉल मैदान के निकट झाड़ी में बैठे अपराधियों की घेराबंदी शुरू की। पुलिस को देखकर एक मोटरसाईकिल पर तीन युवक, एक स्कूटी पर तीन युवक और दूसरी स्कूटी पर बैठकर दो लड़के भागने लगे, लेकिन उन सभी को खदेड़ कर पकड़ लिया गया।
बना रहे थे लाखों रूपये की लूट की योजना
पुलिस के पकड़ में आये युवकों ने बताया कि बुधवार को दोपहर 12 बजे के करीब रांची के कटहल मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल के कर्मचारी द्वारा संस्थान का लाखों रुपये बैंक में जमा कराया जाना है, इस राशि को लूटने की योजना बनाई गई थी। गिरफ्तार युवकों ने पंडरा बाजार समिति के कर्मचारियों की गतिविधियों पर भी नजर बनाए हुए थे और इनकी रेकी कर लूट के अलावा घरों में डकैती की भी योजना बनाई गई थी।
इन बदमाशों से बरामद हुए यह हथियार
गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो पिस्तौल, कारतूस, एक रिवाल्वर, कारतूस, चाकू, सात हजार रुपया नकद, 10 मोबाइल और मोटरसाईकिल बरामद किया गया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान प्रमार्थी मिश्रा, बबलू राणा, राजेश प्रसाद, सुनील कच्छप, मोहित कुमार वर्मा, नारायण उरांव, प्रवेश कुमार और कन्हैया मंडल के रूप में की गयी है। ये सभी युवक रामगढ़,हजारीबाग और रांची जिले के रहने वाले है।