रांची

पार्टी नेताओें को मिशन 2019 के लिए विशेष टास्क देकर शाह रांची से हुए रुखसत

रांची से रवाना होने के पहले अमित शाह ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो से भी बंद कमरे में बात की...
2 min read
• •
Updated: 12 Jul 2018, 2:43 PM IST
amit shah
amit shah

रवि सिन्हा की रिपोर्ट...

(रांची): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मिशन 2019 को लेकर पार्टी नेताओं-कार्यकर्त्ताओं को टास्क देकर गुरुवार को वापस लौट गये। रांची से रवाना होने के पहले अमित शाह ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो से भी बंद कमरे में बात की। वहीं मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी आज सुबह स्टेट गेस्ट हाउस में राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात कर उन्हें सरकार के कामकाज से अवगत कराया और संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

बंद कमरे में आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो से की मुलाकात

अमित शाह ने अपने दो दिवसीय दौरे में पहले दिन औपचारिक रुप से पांच अलग-अलग बैठकों और कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। वहीं दूसरे दिन सुबह से ही वे व्यस्त रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने के लिए सबसे पहले पहुंचने वालों में मुख्यमंत्री रघुवर दास भी शामिल थे। वहीं आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश महतो भी अमित शाह से मिलने स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचे। पिछले कुछ दिनों से सरकार की विभिन्न नीतियों व कामकाज को लेकर तल्ख तेवर अपनाने वाले आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। भाजपा अध्यक्ष ने सुदेश महतो को आगामी अगस्त महीने में मुलाकात के लिए दिल्ली बुलाया है।

आजसू अध्यक्ष ने सभी मुद्यों को रखा शाह से समक्ष

अमित शाह से मुलाकात के बाद बाहर निकलने के बाद सुदेश महतो ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्होंने उन तमाम मुद्दों को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष रखा, जो पार्टी की ओर से विभिन्न सार्वजनिक मंचों से रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि अमित शाह की ओर से यह भरोसा दिलाया गया है कि जनहित के जो मुद्दे रखे गये है, उस संबंध में वे संगठन को दिशा-निर्देश देने का कामम करेंगे। सुदेश महतो ने बताया कि इस मुलाकात के दौरान ताजा राजनीतिक हालात, सरकार के कामकाज समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई और आने वाले समय में बातचीत के माध्यम से सभी विषयों पर निर्णय लिये जाएंगे।


इन लोगों ने किया विदा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विदाई देने के लिए मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, कई सांसद, मंत्री और विधायक तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता पहुंचे थे। अपने संक्षिप्त दौरे के क्रम में अमित शाह ने झारखंड प्रदेश भाजपा नेताओं को मिशन 2019 के लिए कई टास्क दिये। साथ ही अलग-अलग बैठकों के दौरान अमित शाह ने पार्टी नेताओं-कार्यकर्त्ताओं को विरोधियों के खिलाफ आक्रमक मोर्चा खोलने का निर्देश दिया।

Published on: