
(रांची): झारखंड में जामताड़ा जिले में मंगलवार सुबह कुएं की सफाई के दौरान जहरीली गैस के सम्पर्क में आने से तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई। जामताड़ा के न्यू पाकडीह में कुंआ साफ करने उतरे तीन लोग एक-एक कर डूब गए। इन्हें बचाने के क्रम में एक व्यक्ति बेहोश भी हो गया। बताया जा रहा है कि कुएं में किसी जहरीली गैस के रिसाव के कारण यह हादसा हुआ।
एक एक कर कुएं में उतरे पर उपर नहीं आए
कुआं साफ करने के लिए आज सुबह एक व्यक्ति नीचे उतरा, थोड़ी देर बाद ऊपर मौजूद लोगों को अंदर से कुछ हलचल और आवाज नहीं मिली, तो एक अन्य शख्स नीचे उतरा, थोड़ी देर बाद उसने भी अंदर से कुछ नहीं बताया, फिर तीसरा शख्स नीचे उतरा, वह भी अंदर रह गया। उसके बाद चौथे शख्स को रस्सी के सहारे नीचे उतारा गया, लेकिन बीच रास्ते में ही वह बेहोश हो गया, जिसके बाद उसे ऊपर खींच लिया गया और तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्त्ती कराया गया।
इन लोगों ने गवाई हादसे मेें जान
वहीं पानी में डूबने से जिन तीन लोगों की मौत हुई, उनमें मुख्तार, नौशाद और रज्जाक शामिल हैं। तीनों में एक सरकारी स्कूल का शिक्षक, दूसरा पारा शिक्षक और तीसरा व्यक्ति रेलवे का कर्मचारी है। घटना की सूचना के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम को सूचना दी गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, दमकलकर्मी और स्थानीय लोगों ने मिलकर कुएं में डूबे तीनों के शव को बाहर निकाला।
पहले भी सामने आ चुके है ऐसे मामले
सफाई के दौरान जहरीली गैस के संपर्क में आने से मौत होने का यह पहला मामला नहीं है। सफाई के समय सावधानी न बरतने के कारण पहले भी ऐसे कई हादसे हो चुके है। बीते दिनों बिहार में ऐसा ही एक मामला सामने आया था जहां शौचालय की टंकी की सफाई करने उतरे दो मजदूरों की मौत हो गई थी। बिना सफाई उपकरणों के एक मजदूर टंकी में उतरा था जिसके बाद वह उपर नहीं आया। यह देखकर दुसरा मजदूर भी नीचे उतरा पर वह भी उपर न आ सका। एक एक करके इस तरह छह मजदूर टंकी मे उतर गए थे। पहले उतरे मजदूरों की जहरीली गैस के संपर्क में आने से मौत हो गई थी।