
रवि सिन्हा की रिपोर्ट...
(रांची): भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) कार्यकर्त्ताओं की रविवार को मोटरसाईकिल रैली के दौरान झड़प के बाद राजधानी रांची में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस घटना के दौरान रविवार को एक फुटपाथी दुकानदार की दिल का दौरा पडने से मौत हो गई जबकि हमले में एक धर्मगुरू घायल हो गए। शहर के सभी संवेदनशील स्थानों, कुछ धार्मिक स्थलों के अलावा प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। रांची के सिटी एसपी अमन कुमार ने सोमवार को शहर के विभिन्न चौक-चौराहों का निरीक्षण किया और सुरक्षा का जायजा लिया।
राजधानी रांची के मेन रोड (महात्मा गांधी रोड) हनुमान मंदिर, डेली मार्केट, अंजुमन प्लाजा चौक के अलावा डोरंडा और बरियातू समेत कई स्थानों पर पुलिस बलों की तैनाती की गई है। शहर के डेली मार्केट और आसपास के इलाके में भारी सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच दुकानें खुली है, लेकिन इसके बावजूद ईद को लेकर हमेशा रौनक व चहल-पहल रहने वाले बाजार में भी अपेक्षाकृत काफी कम भीड़ देखी जा रही है। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था भी सामान्य है।
इधर, रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुलदीप द्विवेदी की ओर से चेतावनी दी गई है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाना लोगों को महंगा पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि सोशल साइट्स में किसी प्रकार के शरारती तत्वों द्वारा अफवाह फैलाए जाने पर ग्रुप एडमिन के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि रविवार शाम को भाजयुमो कार्यकर्त्ताओं की ओर से केंद्र सरकार के चार वर्ष की उपलब्धियों को बताने के लिए ओटीसी ग्राउंड से मोटरसाईकिल जुलूस निकाला गया। लेकिन जैसे ही यह रैली मेन रोड के डेली मार्केट चौक पर पहुंची, तो स्थानीय दुकानदार व रैली में शामिल युवा मोर्चा के कार्यकर्त्ताओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस अफरा-तफरी के माहौल में दुकान का सामान समेटने के क्रम में एक वृद्ध दुकानदार को हार्ट अटैक आ गया और अस्पताल ले जाने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं देर रात दलादली चौक के निकट दो धर्मगुरुओं पर हमला कर दिया। इस हमले में एक धर्मगुरु को गंभीर चोटें आईं हैं, उन्हें रिंची अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मेदांता में भर्त्ती कराया गया है। वहीं दूसरे धर्म गुरु हमले में किसी तरह से बचकर निकलने में सफल रहे। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।