रांची

बारिश से जगी झारखंड के किसानों की उम्मीद,कई हिस्सों में सुखाड़ हैं की आशंका

चतरा के जिला कृषि पदाधिकारी पारस नाथ उरांव का कहना है कि जिले में इस वर्ष बारिश काफी कम हुई है और इसे सुखाङ की आहट कहा जा सकता है...
3 min read
• •
Updated: 22 Jul 2018, 4:10 PM IST
rain in jharkhand
rain in jharkhand

(पत्रिका ब्यूरो,रांची): झारखंड में मॉनसून के दौरान अब तक सामान्य से करीब 40 प्रतिशत कम बारिश हुई है, हालांकि मौसम विभाग द्वारा यह उम्मीद जताई गई है कि जुलाई के अंतिम सप्ताह और अगस्त के पहले सप्ताह में राज्य के विभिन्न हिस्सों में अच्छी बारिश होगी। जबकि राजधानी रांची समेत राज्यभर के विभिन्न हिस्सों में पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर हो रही बारिश से किसानों की उम्मीदें फिर से जगी है। वहीं अल्पवृष्टि से कई हिस्सों में सुखाड़ की आशंका भी उत्पन्न हो गई है।


बारिश के हालात पर यह बोले सीएम

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर पूरी तरह से नजर बनाए हुए है और 1 अगस्त तक यदि 50 प्रतिशत रोपनी का काम नहीं होता है, तो फिर सुखाड़ की स्थिति मानते हुए वैकल्पिक फसल के लिए किसानों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग की ओर से यह संभावना जतायी गई है कि आगामी 25-26 जुलाई के बाद दस दिनों तक राज्यभर में जोरदार बारिश होगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि किसानों के फसल बीमा के लिए प्रीमियम राशि का भुगतान राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा, इसके लिए सभी जिलों के उपायुक्तों को निर्देश दे दिया गया है।


इन जिलों में बारिश ने नहीं दिया किसानों का साथ

इधर,राज्य के कई हिस्सों में मॉनसून के दौरान अब तक अच्छी बारिश नहीं से किसानों के चेहरे पर मायूसी देखी जा रही है। सबसे खराब स्थिति खूंटी, चतरा, गढ़वा, पलामू और लातेहार जिले की है। इन जिलों के किसानों का कहना है कि एक बार फिर मानसून ने साथ नहीं दिया है। चतरा जिले में भी बारिश नहीं से होने के कारण अभी से सूखाड़ की आहट महसूस हो रही है। किसानों ने तो खेती का काम भगवान के भरोसे छोड़ ही दिया है। न जाने कब आसमान से पानी की बूंदें टपकेगी और किसानों के चेहरे पर मुस्कुराहट आएगी। जिले के किसानों की स्थिति महज इसी बात से समझी जा सकता है कि जुलई महीने में सामान्य वर्षापात करीब 308 मिमी होना चाहिए लेकिन अब तक महज 58 मिमी ही बारिश हो सकी है।

किसानों ने नहीं हारी हिम्मत

चतरा जिला के सदर प्रखंड का यह गांव है देवरिया। इस गांव अब भी खेत सूखे हैं और जिन खेतों में धान का बिचड़ा लगा हुआ है वह भी सूख रहा है। हालांकि किसान अब भी जद्दोजहद में जुटा हुआ है कि किसी भी तरह से धान का बिचड़ा सूखे नहीं। गांव के किसानों का कहना है बिचङा तो सूख रहा है लेकिन फिर भी बारिश का इंतजार है। कुछ युवा किसानों का कहना था कि सरकार को सुखाङ क्षेत्र घोषित करना चाहिए ताकि किसानों को कुछ लाभ मिल सकेगा।

पीछले वर्ष की तुलना में कम हुई बारिश

चतरा सदर प्रखंड के अलावा सिमरिया, ईटखोरी, मयुरहंड, गिद्धौर, पत्थलगड्डा, हंटरगंज, प्रतापपुर, सिमरिया व अन्य प्रखंडों में भी धान के बिचड़ा की यही स्थिति है। जिले में बारिश पिछले वर्ष की तुलना में भी काफी कम हुई है। कृषि विभाग के आंकङों के अनुसार वर्ष 2017 के जुलाई महीने में 407 मिमी बारिश हुई थी जबकि सामान्य वर्षापात 308 मिमी ही है। लेकिन इस वर्ष अब तक महज 58 मिमी ही बारिश हो सकी है।

दूसरी तरफ चतरा के जिला कृषि पदाधिकारी पारस नाथ उरांव का कहना है कि जिले में इस वर्ष बारिश काफी कम हुई है और इसे सुखाङ की आहट कहा जा सकता है। उन्होंने बताया कि जिन खेतों में धान का बिचड़ा सूख रहा है उसे बचाने के लिये पानी का जुगाड़ करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि यदि बारिश हुई तो धान की रोपनी हो सकेगी अन्यथा एक बार फिर किसानों के लिये बङी समस्या होगी।

Published on: