रतलाम

कमलनाथ सरकार के खिलाफ भाजपा की एक और रणनीति

सरकार पर धारा 15 ए को लेकर दबाव बनाएंगे, आंदोलन की भी दी चेतावनी

2 min read
Jun 13, 2019
patrika

रतलाम. रतलाम सहित प्रदेश में अवैध कॉलोनियों के वैध होने की प्रक्रिया पर हाईकोर्ट की बेंच के निर्णय के बाद के हालातों पर शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने पूर्व सीएम शिवराजसिंह चौहान से चर्चा की। हाईकोर्ट ने धारा 15 ए को हटाते हुए पूर्ववर्ती सरकार की कॉलोनी नियमितीकरण प्रक्रिया को रोक दिया है। ऐसे में इन कॉलोनियों में रहने वाले परिवारों के लिए भाजपा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। भाजपा कॉलोनी वैधकरण की पूरी प्रक्रिया को लेकर सरकार पर दबाव बनाएगी।

उचित न्यायालयीन कार्यवाही कर कानून में संशोधन करें

अवैध से वैध हुई कॉलोनियों को उच्च न्यायालय द्वारा पुन: अवैध घोषित किए जाने के संबंध में विधायक काश्यप ने पूर्व मुख्यमंत्री चौहान से भेंट कर न्यायालय के आदेश के संदर्भ में विवेचना कर चर्चा की। विधायक काश्यप ने बताया कि कांग्रेस सरकार द्वारा न्यायालय में शासन का पक्ष नहीं रखा गया। इस के लिए रणनीति बनाकर कांग्रेस सरकार पर दबाव बनाया जाए, जिससे सरकार इस मामले को गंभीरता से ले एवं तत्काल इस बारे में उचित न्यायालयीन कार्यवाही कर कानून में संशोधन करें तथा अवैध कॉलोनियों के गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवार के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें तत्काल राहत दें।

रहवासियों से चर्चा कर उनके हितों के लिए प्रदेश व्यापी आंदोलन करेगी

पूर्व सीएम शिवराजसिंह चौहान के साथ चर्चा के दौरान विधायक काश्यप ने साफ किया कि प्रदेश सरकार ध्यान नहीं देगी तो भारतीय जनता पार्टी अवैध कॉलोनियों के रहवासियों से चर्चा कर उनके हितों के लिए प्रदेश व्यापी आंदोलन करेगी। काश्यप ने बताया कि रतलाम सहित कई नगरों में इस तरह की कॉलोनियों में विभिन्न कार्यों के टेंडर भी जारी हो चुके है। शासन इस के लिए राशि उपलब्ध कराए ताकि कार्य शीघ्र कार्य प्रारंभ हो सके। रतलाम शहर में ऐसी करीब 50 कॉलोनियां है और 17 को वैध का दर्जा दे दिया गया है।

Updated on:
13 Jun 2019 01:56 pm
Published on:
13 Jun 2019 01:54 pm
Also Read
View All