
रतलाम. श्री राम नवयुवक मंडल की तरफ से नवरात्र पर्व के दौरान गरबोत्सव का आयोजन मंदिर परिसर किया गया। नौ दिनों तक चले उत्सव में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने गरबा खेलकर मां की आराधान की। अब गरबा उत्सव समिति के माध्यम से 38वें पुरस्कार वितरण एवं महाप्रसादी समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में नौ दिवसीय गरबा उत्सव के दौरान गरबा रास प्रस्तुत करने वाली सर्वसमाज की 800 से अधिक मातृ शक्तियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 400 महिलाओं एवं बालिकाओं को भगवान श्री रामलला की तस्वीर भेंट की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रों, ट्रैफिक डीएसपी आनंद स्वरूप सोनी एवं औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी अमित कुमार कोरी उपस्थित रहे। मंच के संरक्षक बजरंग पुरोहित, शैलेंद्र डागा, नंदकिशोर शर्मा, जितेंद्र जाट, संस्था अध्यक्ष एवं पार्षद पप्पू पुरोहित, पार्षद निशा सोमानी, पवन सोमानी सहित संस्था के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मातृशक्तियां एवं वरिष्ठ जन मौजूद रहे।
इसलिए बांटे हेलमेट
समारोह में हेलमेट वितरण के पीछे सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा का विशेष संदेश भी दिया गया। आयोजकों ने बताया कि राम मंदिर परिसर से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं का पूर्व में सड़क दुर्घटना के दौरान हेलमेट पहनने के कारण जीवन सुरक्षित बच गया था। इसी घटना से प्रेरित होकर इस वर्ष गरबा उत्सव में शामिल मातृ शक्तियों को हेलमेट वितरित करने का निर्णय लिया गया, ताकि महिलाओं में भी यातायात नियमों एवं हेलमेट के उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़े।
भगवान श्री रामलला की तस्वीर भेंट करने का उद्देश्य श्रद्धालुओं में धार्मिक आस्था और प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धाभाव को प्रोत्साहित करना रहा। नौ दिवसीय गरबा उत्सव में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने वाली मातृशक्तियों को पुरस्कार प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम का संचालन धीरज प्रजापत ने किया तथा आभार निलेशबोराना ने व्यक्त किया। यह जानकारी एमआईसी सदस्य एवं पार्षद पप्पू पुरोहित ने दी।