28 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

रतलाम में चोरी करने वाले जीजा-साले का पुराना रिकॉर्ड चौंकाने वाला, एक पर 12 तो दूसरे पर 4 केस दर्ज

Jewellers Shop Theft Case : ज्वेलरी शॉप में चोरी के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 4 किलो आर्टिफिशियल ज्वेलरी और नकदी बरामद। सुरक्षा में लापरवाही पर बीट प्रभारी हेड कांस्टेबल निलंबित, तीसरे आरोपी की तलाश जारी।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रतलाम

•

image

Mohammad Faiz Mubarak

•

Updated: 28 Oct 2026, 8:46 PM IST

Jewellers Shop Theft Case

वारदात का खुलासा करती पुलिस (फोटो सोर्स: Patrika)

Ratlam News :मध्य प्रदेश के रतलाम के प्रमुख सराफा बाजार चौमुखीपुल के पास स्थित भंडारी ज्वेलर्स में हुई नकबजनी की वारदात का माणकचौक पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपी जीजा - साले को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 4 किलो आर्टिफिशियल ज्वेलरी के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की गई है। चोरी गई करीब 20 हजार रुपए की नकदी बरामद होने की भी जानकारी पुलिस ने दी है।

बताया जा रहा है कि, मामले में एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए हैं। पुलिस उनसे अन्य चोरी और नकबजनी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।बुधवार को रतलाम एसपी अमित कुमार ने मामले का खुलासा किया। इस दौरान सीएसपी सत्येन्द्र घनघोरिया भी उनके साथ मौजूद रहे।

पुलिस ने जीजा-साले को किया गिरफ्तार

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि, चौमुखीपुल इलाके में रहने वाले भंडारी ज्वैलर्स के संचालक 42 वर्षीय रजत भंडारी ने 21 अक्टूबर को दुकान में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर माणकचौक थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने जांच आगे बढ़ाई। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी संसाधनों की मदद से संदिग्धों की पहचान कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि, पकड़े गए दोनों आरोपी रिश्ते में जीजा-साले हैं।

एक आरोपी अब भी फरार

पुलिस ने मोहनसिंह पिता नूरवीरसिंह चावला (21), निवासी उमरठी, थाना बरला, जिला बड़वानी और राजवीरसिंह पिता गुरवीरसिंह भोड़ (23), निवासी आकाश नगर, थाना द्वारिकापुरी, जिला इंदौर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मोहनसिंह के खिलाफ चोरी और नकबजनी के चार, जबकि राजवीरसिंह के खिलाफ 12 अपराधों का रिकॉर्ड है। मामले में फरार आरोपी गुरदीपसिंह पिता विजय सिंह चावला, निवासी आकाश नगर, इंदौर की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ भी चोरी और नकबजनी के 14 अपराध दर्ज हैं।

असली सोने-चांदी की दुकान समझकर घुसे, ले गए आर्टिफिशियल ज्वेलरी

एसपी अमित कुमार के अनुसार, आरोपी भंडारी ज्वेलर्स को असली सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान समझकर अंदर घुसे थे। दुकान से आर्टिफिशियल व्हाइट मेटल की पायल, कंदोरे, कड़ी और नकदी चुराकर फरार हो गए। आरोपियों ने महज 5 से 7 मिनट में वारदात को अंजाम दिया और भाग निकले। शहर के प्रमुख सराफा बाजार में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए, जिसके चलते पुलिस के आला अधिकारियों ने एक्शन लेते हुए सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले बीट प्रभारी हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया।