रतलाम

गैस रिसाव से मकान में लगी भीषण आग, छत गिरने से चौकीदार की मौत

ग्राम कंवला में शुक्रवार सुबह गैस सिलेंडर से हुए रिसाव ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मिनी गोवा मार्ग स्थित एक मकान में गैस रिसाव के बाद अचानक आग लग गई।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 11:41 AM IST
Madhya Pradesh News

आग इतनी भीषण थी कि पक्का मकान कुछ ही देर में आग की चपेट में आ गया और उसकी छत भरभराकर गिर गई। इस दौरान मकान में मौजूद चौकीदार जाकिर पठान की जलने और छत गिरने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उनकी पत्नी नूरजहां और बेटे जाफर को बाहर निकाल लिया। हालांकि, हादसे में जाफर भी झुलस गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद भानपुरा से रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब पौने 11 बजे जाकिर पठान के मकान में गैस सिलेंडर से गैस का रिसाव हुआ। देखते ही देखते गैस ने आग पकड़ ली। घटना के समय घर में जाकिर के साथ पत्नी नूरजहां और बेटा जाफर भी मौजूद थे। आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकालने में मदद की। इसी बीच आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और छत गिर गई।

बचने के लिए बाथरूम में गए, वहीं मिला शव

आग बुझने के बाद जब मकान की तलाशी ली गई तो जाकिर पठान का शव बाथरूम में मिला। आशंका है कि आग से बचने के लिए वे बाथरूम में चले गए थे, लेकिन बाहर नहीं निकल सके। शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भानपुरा शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

दो घंटे से अधिक चला राहत कार्य

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और ग्राम पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे। भानपुरा नगर परिषद की दमकल ने भी पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। करीब दो से तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक मकान पूरी तरह ध्वस्त हो चुका था। घर में रखा सामान जलकर खाक हो गया। मकान में ही पंचर बनाने की दुकान भी संचालित होती थी। मौके पर सरपंच प्रतिनिधि जयसिंह गौड़, पूर्व सरपंच मदन भट्ट, जनपद प्रतिनिधि निर्भय मीणा और सचिव विनोद गोस्वामी व्यवस्थाएं संभालते रहे। एसडीओपी विजय कुमार यादव, तहसीलदार मुकेश निगम, थाना प्रभारी विनय बुंदेला और गैस एजेंसी संचालक प्रेम पहाड़िया सहित अन्य अधिकारी भी पहुंचे। पुलिस और प्रशासन ने मौका पंचनामा बनाकर प्रकरण दर्ज किया।

पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता की मांग

हादसे में परिवार का मकान और आजीविका का साधन दोनों नष्ट हो गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल रहने के लिए मकान उपलब्ध कराने और आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Updated on:
28 Nov 2026, 11:41 AM IST
Published on: