
भोपाल से पहुंचे 12 अधिकारियों और कर्मचारियों ने तीन अलग-अलग टीमों में बंटकर शहर के तीन ज्वेलरी प्रतिष्ठानों पर एक साथ जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान टीमों को बिना हॉलमार्क के सोने के आभूषण मिले। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद अब संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ हॉलमार्किंग अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की तैयारी है। विभाग ने कोर्ट में केस दायर करने की बात कही है।
दरअसल, नीमच जिला अनिवार्य हॉलमार्किंग की श्रेणी में शामिल है। यहां ज्वेलर्स के लिए वैध बीआईएस हॉलमार्क रजिस्ट्रेशन के बिना सोने के आभूषण बेचना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कुछ प्रतिष्ठानों पर बिना वैध रजिस्ट्रेशन अथवा फर्जी हॉलमार्क के साथ ज्वेलरी बेचने की शिकायत भोपाल ब्रांच ऑफिस को मिली थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने करीब 12 अधिकारियों और कर्मचारियों की तीन टीमें गठित कीं। शुक्रवार को टीमें नीमच पहुंचीं और शहर के रामबाबू ज्वेलर्स, आरआर ज्वेलर्स तथा जेम्स स्क्वायर सहित तीन प्रतिष्ठानों पर एक साथ जांच अभियान शुरू किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से सराफा बाजार में हलचल मच गई। अधिकारी प्रतिष्ठानों में उपलब्ध सोने के आभूषणों और उनसे संबंधित दस्तावेजों की जांच में जुटे रहे।
कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे भोपाल ब्रांच ऑफिस के अधिकारी मोहम्मद तौसीफ ने बताया कि शिकायत की जांच में प्रथम दृष्टया अनियमितता सामने आई है। टीम को भी बिना हॉलमार्क की गोल्ड ज्वेलरी मिली है। उनके साथ अधिकारी आशुतोष राय सहित अन्य सदस्य कार्रवाई में शामिल रहे। फिलहाल जांच में मिली ज्वेलरी की मात्रा और प्रत्येक प्रतिष्ठान में सामने आई अनियमितताओं का पूरा विवरण रिपोर्ट तैयार होने के बाद ही स्पष्ट होगा। जब्ती की स्थिति भी इसी रिपोर्ट के बाद सामने आएगी।
टीम के अधिकारी संजय कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि हॉलमार्किंग नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ अधिनियम के तहत न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया जाएगा। जिन ग्राहकों को बिना हॉलमार्क के सोने के आभूषण बेचे गए हैं, वे भी विभाग में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बीआईएस अधिकारियों ने ग्राहकों को सोने की शुद्धता जांचने के लिए तीन प्रमुख निशानों की जानकारी दी। आभूषण पर बीआईएस का त्रिकोणीय निशान, सोने की शुद्धता का अंकन (22 कैरेट के लिए 22के916) और छह अंकों का अल्फान्यूमेरिक हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन (एचयूआईडी) नंबर होना जरूरी है। केंद्र सरकार ने 2021 से चरणबद्ध तरीके से हॉलमार्किंग अनिवार्य की है और नीमच भी इसके दायरे में है।
अधिकारी मोहम्मद तौसीफ ने बताया कि ग्राहकों को जागरूक करने के लिए नीमच रेलवे स्टेशन सहित देशभर के रेलवे स्टेशनों पर अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने शहर के सभी ज्वेलर्स से वैध हॉलमार्क रजिस्ट्रेशन कराने और ग्राहकों से केवल हॉलमार्क वाले सोने के आभूषण खरीदने की अपील की।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
28 Nov 2026, 9:39 AM IST
Published on:
28 Nov 2026, 9:39 AM IST
बड़ी खबरें
View Allरतलाम
मध्य प्रदेश न्यूज़




