
पत्रिका की लगातार खबरों के बाद हरकत में आया बिजली अमला, मासूम की चीख ने जगाया बिजली कंपनी को, घरों के ऊपर से हटे मौत के तार, नए पोल लगाकर 33 केवी लाइन को किया ऊंचा
रतलाम। हाईटेंशन लाइन के सम्पर्क में आने से पांच साल की मासूम अलिजा खान के साथ हुए दर्दनाक हादसे ने आखिरकार बिजली कंपनी के जिम्मेदारों को जगा दिया। जिस हाईटेंशन लाइन के नीचे रहने वाले दिलीप नगर और राजीव नगर के रहवासी हर दिन अनहोनी के डर में जी रहे थे। एक मासूम की जिंदगी पर ऐसा जख्म लगा, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
पत्रिका के लगातार खबर प्रकाशित करने के बाद बिजली कम्पनी के अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को समझते हुए, नए पोल लगाकर हाईटेंशन लाइन को ऊंचा, अब उससे उन्हें बड़ी राहत मिली है। दिलीप नगर राजीव नगर क्षेत्र में बिजली कंपनी ने क्षेत्र में नए पोल लगाकर 33 केवी हाईटेंशन लाइन को घरों की छतों से करीब 15 फीट ऊंचा कर दिया है। इससे छतों पर आने-जाने वाले लोगों के लिए हादसे का खतरा कम होगा।
30 अक्टूबर को हुआ था हादसा
30 अक्टूबर की शाम घर की छत पर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई पांच साल की अलिजा गंभीर रूप से झुलस गई थी। उसे एक हाथ और एक पैर गंवाना पड़ा। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था। एक मासूम की जिंदगी पर ऐसा जख्म लगा, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। इसके बावजूद क्षेत्र में खुले तारों के नीचे रहने वाले परिवारों की सुरक्षा का सवाल अनुत्तरित था।
पत्रिका ने लगातार उठाया सुरक्षा का मुद्दा
30 अक्टूबर को हुए हादसे के बाद पत्रिका ने 3 नवंबर को 'छत पर कदम रखते ही मौत का खतरा, फिर नहीं जागा बिजली कंपनी का अमला' शीर्षक से ग्राउंड रिपोर्ट प्रकाशित की। 4 नवंबर को 33 हजार केवी लाइन के नीचे बसी बस्ती और बच्ची के झुलसने का मुद्दा उठाया। 18 नवंबर को मासूम का हाथ कटने और पैर पर खतरे की खबर प्रकाशित की।
तो शायद एक मासूम की जिंदगी इस तरह नहीं बदलती
20 नवंबर को हादसे के बाद भी व्यवस्था नहीं बदलने पर जिम्मेदारों को सवालों के घेरे में खड़ा किया। लगातार खबरों के बाद बिजली कंपनी के अधिकारियों ने सर्वे किया और नए पोल लगाकर तारों को ऊंचा किया। अब क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। हालांकि अलिजा का दर्द इस बदलाव के बीच एक सवाल छोड़ गया है कि यदि यह सुरक्षा इंतजाम पहले कर दिए जाते तो शायद एक मासूम की जिंदगी इस तरह नहीं बदलती।
खबर का असर: हादसे के बाद बदली व्यवस्था
इनका कहना है…
दिलीप नगर राजीव नगर क्षेत्र में हाइटेंशन लाइन पुरानी है। हाइटेंशन लाइन के सम्पर्क में आई बालिका का मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में हैं, कार्रवाई चल रही हैं। स्टीमेट बनाया गया है। ग्रामीण के साथ हाइटेंशन की 33 केवी लाइन पर भी चार पोल लगाए जा रहे हैं, और तार भी खींच दिए हैं।
वीबी मरकाम, सहायत यंत्री, बिजली कम्पनी
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
27 Nov 2026, 9:54 PM IST
Published on:
27 Nov 2026, 9:48 PM IST
बड़ी खबरें
View Allरतलाम
मध्य प्रदेश न्यूज़




