27 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Madhya Pradesh / Ratlam / कार चालक ही निकला लूट की वारदात का मास्टरमाइंड

कार चालक ही निकला लूट की वारदात का मास्टरमाइंड

इंदौर के व्यापारी से लूट मामले का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। व्यापारी का कार चालक ही पूरे मामले का मास्टर माइंड निकला। इनका कोडवर्ड था कार का इंडिकेटर देने पर समझना गाड़ी रुकेगी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 6 लाख 21 हजार व बाइक बरामद कर ली।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रतलाम

•

image

Kamal Singh

•

Updated: 27 Nov 2026, 9:26 PM IST

ratlam news

पुलिस के साथ नकाब में आरोपी

रतलाम. महू-नीमच हाईवे पर सालाखेड़ी के आगे इंदौर के व्यापारी हर्षित पिता नरेंद्र चंदाना (34) से 19 नवंबर की रात को हुई लूट की वारदात को किसी अन्य नहीं वरन उसके चालक गजानंद उर्फ गोलू पिता विष्णु भिड़े (33) ने ही अपने दोस्तों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। वारदात करने के लिए घटना के दो दिन पहले पूरी योजना बनी थी। इनका कोडवर्ड था कि व्यापारियों से रुपए लेकर लौटने के दौरान हाईवे पर जब वह कार का इंडिकेटर चलाए तो समझना है कि आगे गाड़ी रुकेगी और वारदात को अंजाम देना है। इसी योजना के अनुसार जावरा में लूट करना था किंतु मौका नहीं मिला तो सालाखेड़ी के यहां एक कार के शोरूम के पास इसे अंजाम दे दिया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनसे लूटे गए 8 लाख 15 हजार 510 रुपए में से 6 लाख 21 हजार रुपए और लूट में उपयोग लाई गई बाइक भी बरामद कर ली है। शेष राशि इन लोगों ने उधारी चुकाने और कुछ खरीदी करने में खर्च कर दी थी।

स्थायी नहीं हायर किया हुआ था चालक

हर्षित कार से जब भी यात्रा करते थे तो वे ड्राइवर को लाते थे। उनका कोई स्थायी ड्राइवर नहीं था। इसे पहले भी दो-तीन बार ला चुके थे। इसलिए इसे पता था कि व्यापारी कितने जिलों से राशि की रिकवरी करता है और कितनी राशि एक बार में लेकर आता है।

शुरुआत से ही संदेही था चालक

एसपी अमित कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि घटना के बाद पुलिस ने व्यापारी हर्षित और चालक गजानंद उर्फ गोलू से घटना की प्रारंभिक जानकारी ली। चालक गजनानभिड़े शुरू से ही संदिग्ध लग रहा था। वह किसी भी बात का संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहा था। इसलिए उसकी निगरानी और उसके बारे में पूरी जानकारी जुटाई तो शक गहरा हो गया। जो जानकारी सामने आई उससे शक पक्का हो गया था।

इन्हें दोस्तों के साथ थी बैठक

जांच में पता चला कि गजानंद अक्सर अपने दोस्त चेतन पिता कमल मंडलोई (26) निवासी द्वारकापुरी, इंदौर और राजकुमार पिता जीवनलाल रायकवार (37) निवासी बीजलपुर इंदौरी मोहल्ला, थाना राजेन्द्र नगर, इंदौर के साथ रहता था। उन्हीं के साथ खाना-पीना व शराब का नशा करता था। दोनों से सख्ती से पूछताछ में उन्होंने ड्राइवर के साथ मिलकर प्लान बनाकर घटना को अंजाम देना कबूल कर लिया।

नौ दिन तक सक्रिय रही पुलिस टीम

एसपी कुमार ने बताया वारदात गंभीर थी। इसलिए एएसपी राकेश पंदोरो, एएसपी विवेक कुमार लाल और सीएसपी सत्येंद्र धनघोरिया के मार्गदर्शन में स्टेशन रोड थाना प्रभारी मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में सायबर सेल, सीसीटीवी और इंट्रोगेशन टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल से 150-200 किमी दूर तक के 400-500 सीसीटीवी कैमरे चेक किए और घटनास्थल का पीएसटीएन डाटा प्राप्त किया। नौ दिन तक टीम लगातार लगी रही और मेहनत को सफलता मिल गई।

16-16 घंटे देखे सीसीटीवी फुटेज

पुलिस की एक विशेष टीम एसपी कुमार ने सीएसपी घनघोरिया के नेतृत्व में बनाई थी। कोई क्लू नहीं होने से पीएसटीएन के माध्यम से रवि चंदेल, अभिषेक पाठक, नीलेश पाठक, जीवन विश्वकर्मा और हेमंत यादव ने 16-16 घंटे तक सीटीटीवी फुटेज खंगाले। इसी आधार पर पुलिस टीम आरोपियों के घर तक पहुंच सकी।