28 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Madhya Pradesh / Ratlam / बाटम-सड़कें बेहतर हुईं, फिर भी हादसे क्यों नहीं थम रहे? लापरवाही निगल रही अनमोल जिंदगियां

बाटम-सड़कें बेहतर हुईं, फिर भी हादसे क्यों नहीं थम रहे? लापरवाही निगल रही अनमोल जिंदगियां

रतलाम। देश में सड़कें चौड़ी हो रही हैं, हाईवे और एक्सप्रेसवे आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाए जा रहे हैं,
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रतलाम

•

image

Newsdesk

•

Updated: 28 Nov 2026, 11:54 AM IST

बाटम- सड़कें बेहतर हुईं, फिर भी हादसे क्यों नहीं थम रहे? लापरवाही निगल रही अनमोल जिंदगियां

सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग हों, फोरलेन-टूलेन सड़कें हों या शहरों के व्यस्ततम मार्ग, हर जगह लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रही है। रोजाना अखबारों की सुर्खियों और टीवी समाचारों में हादसों की खबरें इस गंभीर चुनौती की ओर ध्यान खींचती हैं।

देश के किसी भी राज्य में चले जाएं, पहाड़ी क्षेत्र हों या मैदानी इलाके, सड़क दुर्घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। विशेष रूप से बड़े वाहनों से होने वाले हादसों में वृद्धि चिंताजनक है। धार्मिक यात्राओं पर जाने वाली बसों की टक्कर, पर्यटन और पिकनिक स्थलों पर बढ़ता यातायात, वाहनों का पलटना और चलते वाहनों में आग लगने जैसी घटनाएं यात्रियों की जान ले रही हैं। वर्ष 2026 में सड़क दुर्घटनाओं से जुड़ी मौतों के आंकड़ों ने पुराने रिकॉर्ड तोड़ने की स्थिति पैदा कर दी है। उपलब्ध विवरण के अनुसार विभिन्न वाहन दुर्घटनाओं में मरने वालों की संख्या करीब 2000 के आसपास बताई जा रही है।

जवाबदेही तय हो

सवाल यह है कि बेहतर सड़कों और आधुनिक सुविधाओं के बावजूद हादसे क्यों नहीं रुक रहे? सरकार को दुर्घटनाओं की गंभीरता समझते हुए नियम तोड़ने वाले और लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। दोषियों को शीघ्र न्यायिक प्रक्रिया के तहत सजा मिले और गंभीर मामलों में कानून के अनुरूप ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने के साथ वाहन चलाने पर प्रतिबंध लगाया जाए। परिवहन विभाग को परमिट जारी करते समय कड़े नियम लागू करने चाहिए। लाइसेंस प्रणाली में सुधार जरूरी है। ट्रैक्टर और छोटे लोडिंग वाहनों सहित कई वाहन नाबालिगों द्वारा चलाए जाने की शिकायतें सामने आती हैं। ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई होनी चाहिए।

नागरिक भी अपनी जिम्मेदारी समझें

केवल सरकार और व्यवस्था को दोषी ठहराकर हम अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। वाहन का रखरखाव, तेज गति, यातायात नियमों की अनदेखी और लापरवाही भी हादसों के बड़े कारण हैं। बार-बार पर्यटन स्थलों पर जाना, केवल दिखावे और अपनी हैसियत जताने के लिए अनावश्यक यात्राएं करना भी सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ाता है। इसका असर विशेषकर युवा पीढ़ी पर दिखाई देता है। समाज और परिवार को भी इस दिशा में गंभीरता से सोचना होगा। अभिभावक अपने बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और जीवन का महत्व समझाने की जिम्मेदारी निभाएं। एक सड़क हादसा केवल एक व्यक्ति की जान नहीं लेता, बल्कि पूरे परिवार की खुशियां छीन लेता है। जिस घर का चिराग बुझता है, उस परिवार की पीड़ा जीवनभर समाप्त नहीं होती। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सरकार की सख्ती, परिवहन विभाग की जवाबदेही और नागरिकों का अनुशासन तीनों जरूरी हैं। आखिर कब तक सड़कें विकास की पहचान के साथ-साथ असमय मौतों का कारण भी बनती रहेंगी?