
फोटो-आरटी-1115
सिखेड़ी. उज्जैन से सिखेड़ी तक प्रथम वर्ष डाक कावड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा सिखेड़ी के दोस्तों के ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित हुई। सोमवार तड़के करीब 4 बजे कावड़ियों ने महाकाल की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद शिप्रा नदी से पवित्र जल भरकर डाक कावड़ यात्रा सिखेड़ी के लिए रवाना हुई।
यात्रा में शामिल कावड़िए उत्साह और भक्ति भाव के साथ दौड़ते हुए आगे बढ़े। मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर डाक कावड़ का भव्य स्वागत किया। डीजे की धुन पर कावड़िए 'बम-बम भोले' के जयकारों के साथ थिरकते हुए आगे बढ़े। यात्रा के दौरान माहौल शिवमय नजर आया। सिखेड़ी पहुंचने पर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने कावड़ यात्रियों का स्वागत किया। इसके बाद सिखेड़ी स्थित शिव कुई भोलेनाथ मंदिर में शिप्रा के पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया। मंदिर में राजेश जोशी द्वारा पूजा-अर्चना एवं अभिषेक करवाया गया। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारे लगाए। आयोजन के समापन पर प्रसादी का वितरण किया गया।