
रतलाम। घर में साफ-सफाई के लिए रखी गई महिला पर भरोसा करना एक बुजुर्ग को महंगा पड़ गया। तीन महीने से घर में झाड़ू-पोछा कर रही महिला ने मौका पाकर अलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। बुजुर्ग जब दुकान से घर लौटे तो अलमारी का लॉकर खुला मिला और उसमें रखे जेवर व 7 हजार रुपए गायब थे। संदेह के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की तो घर में काम करने वाली महिला तक पहुंच गई। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने और पूछताछ के बाद महज 24 घंटे में चोरी का खुलासा करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर करीब 3 लाख 50 हजार रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार प्रतापनगर निवासी राजेन्द्र वाघ (63) पिता विश्वनाथ वाघ ऑटो पार्ट्स की दुकान संचालित करते हैं। वे घर पर अकेले रहते हैं। घर की अलमारी के लॉकर में उन्होंने सोने का ब्रेसलेट, चांदी के सिक्के, चेन और 7 हजार रुपए नकद रखे हुए थे। 23 नवंबर को दोपहर करीब 3.15 बजे वे घर से दुकान के लिए निकले थे। शाम करीब 7.30 बजे वापस लौटे तो अलमारी का लॉकर खुला हुआ था। सामान की जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिले।घर में किसी बाहरी व्यक्ति के आने की जानकारी नहीं मिलने पर फरियादी को पिछले तीन महीने से झाड़ू-पोछा करने आने वाली महिला पर संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने 24 नवंबर को स्टेशन रोड थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 923/2026 के तहत धारा 306 बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही घटनाक्रम के दौरान घर आने-जाने वाले लोगों और संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान फरियादी के घर पर काम करने वाली सोनम पति शकील पठान (32) निवासी प्रतापनगर, आरा मशीन के पीछे, रतलाम पर संदेह गहराया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में महिला ने फरियादी के घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि वह पिछले तीन महीने से राजेन्द्र वाघ के घर पर झाड़ू-पोछा करने जाती थी। इसी दौरान उसे घर और सामान की जानकारी हो गई थी। मौका मिलने पर उसने अलमारी के लॉकर में रखे आभूषण चोरी कर लिए और अपने घर में छिपाकर रख दिए। पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर उसके घर से चोरी किए गए आभूषण बरामद किए। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का दावा है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर आरोपी तक पहुंचकर चोरी गया अधिकांश मश्रुका बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से एक सोने का ब्रेसलेट (करीब 15 ग्राम), एक सोने का सिक्का (करीब 10 ग्राम), एक चांदी की चेन (करीब 50 ग्राम) और चांदी के तीन सिक्के (करीब 30 ग्राम) बरामद किए हैं। जब्त आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। फरियादी ने अपनी रिपोर्ट में चांदी के चार सिक्के और 7 हजार रुपए नकद चोरी होने की जानकारी दी थी, जबकि पुलिस की बरामदगी सूची में तीन चांदी के सिक्के दर्ज हैं। नकदी की बरामदगी का उल्लेख पुलिस ने नहीं किया है।
चोरी की घटना का खुलासा करने और मश्रुका बरामद करने में स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, उप निरीक्षक युनुस खान, प्रधान आरक्षक 880 ममता हाड़ा, प्रधान आरक्षक 525 जितेन्द्र सिंह बघेल, आरक्षक 189 विजय वसुनिया, आरक्षक 599 मकन सिंह और आरक्षक 1011 नरेन्द्र परमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रतलाम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि घरों और प्रतिष्ठानों में झाड़ू-पोछा, साफ-सफाई या अन्य कार्यों के लिए रखे जाने वाले कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन करवाएं। साथ ही घरों में कीमती सामान और नकदी सुरक्षित स्थान पर रखें तथा घरेलू कर्मचारियों की जानकारी और पहचान संबंधी दस्तावेज अपने पास रखें।