
आरोपी और जब्त शराब के साथ रावटी पुलिस (फोटो सोर्स: Patrika)
Ratlam News :मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से गुजरने वाले 8-लेन के पास दो वाहनों में अवैध शराब की खेप जिले के ग्रामीण रास्तों से निकालने की कोशिश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर सक्रिय हुई रावटी पुलिस ने देवापाड़ा-चैनपुरा मार्ग पर घेराबंदी कर दोनों वाहनों को पकड़ लिया। तलाशी में 100 पेटी माउंटेन 6000 बीयर बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जबकि तीन अन्य फरार हो गए। पुलिस ने बीयर की पेटियों के साथ साथ दोनों वाहनों समेत कुल 22.88 लाख रुपए का मश्रुका जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो और एसडीओपी सैलाना आईपीएस लेखराज मीणा के निर्देशन में थाना प्रभारी रावटी निरीक्षक मनीष डावर की टीम ने ये कार्रवाई की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि, 8-लेन से दो वाहनों में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर देवापाड़ा-चैनपुरा मार्ग से परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए मार्ग पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान सफेद बोलेरो पिकअप क्रमांक एमपी-11-जी-4706 और सिल्वर रंग की महिंद्रा एक्सयूवी-500 क्रमांक एमपी-09-सीवी-7770 को रोका गया। पिकअप में सवार चालक और एक अन्य व्यक्ति मौके का फायदा उठाकर भाग निकले। वहीं, एक्सयूवी चालक महेश पिता उदय सिंह कटारा (28), निवासी ग्राम परवलिया, थाना काकनवानी, जिला झाबुआ को पुलिस ने पकड़ लिया। शराब परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वो कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
वाहनों की तलाशी में 100 पेटी बीयर की केन मिलीं, जिनकी मात्रा करीब 1200 बल्क लीटर बताई गई है। पुलिस ने शराब और दोनों वाहनों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फरार तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है। शराब कहां से लाई गई थी और कहां पहुंचाई जानी थी, इसकी भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष डावर, उपनिरीक्षक गल सिंह भावेल, सहायक उपनिरीक्षक पारसिंह वसुनिया, प्रधान आरक्षक आशीष धनक और आरक्षक अवधेश सिंह परमार और प्रेम कटारा की विशेष भूमिका रही।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
24 Nov 2026, 4:20 PM IST
Published on:
24 Nov 2026, 4:20 PM IST
बड़ी खबरें
View Allरतलाम
मध्य प्रदेश न्यूज़




