रतलाम

रतलाम में अंधे मोड़ पर पलटी कार, 21 वर्षीय अनस की मौत

डी-मार्ट के पास देर रात हुआ हादसा, दो-तीन पलटी खाकर सड़क पर पलटी आई-10, दोस्तों को आई मामूली चोटें, पुलिस ने शुरू की दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू
2 min read
• •
Oct 13, 2026
ratlam news
crime

रतलाम। शहर में सोमवार देर रात एक अंधे मोड़ पर तेज रफ्तार कार का अनियंत्रित होना 21 वर्षीय युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गया। माणकचौक थाना क्षेत्र में डी-मार्ट के पास मंगलवार रात आई-10 कार अचानक बेकाबू होकर सड़क पर दो से तीन बार पलट गई। हादसे में मौलाना आजाद नगर निवासी अनस पिता जहीर अब्बास राठौड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कार में सवार अन्य युवकों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

आधी रात के बाद हुआ हादसा, मोड़ पर बिगड़ा संतुलन

जानकारी के अनुसार, अनस अपने तीन-चार दोस्तों के साथ आई-10 कार क्रमांक एमपी-43-जेडएच-1820 से जा रहा था। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 12:55 से 1 बजे के बीच उनकी कार डी-मार्ट के पास स्थित अंधे मोड़ पर पहुंची। इसी दौरान कार चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर दो-तीन पलटी खाकर पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार अनस को गंभीर चोटें आईं, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य युवक मामूली रूप से घायल हुए। देर रात हुए इस हादसे ने एक परिवार से उसका 21 वर्षीय बेटा छीन लिया। फिलहाल पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दुर्घटना तेज रफ्तार, अचानक सामने आए श्वान या किसी अन्य वजह से हुई थी।

कुत्ता सामने आने की आशंका, तेज रफ्तार भी जांच के दायरे में

प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह मोड़ पर अचानक श्वान के सामने आना या कार की तेज रफ्तार बताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कार किस गति से चल रही थी और हादसे के समय चालक के सामने ऐसी कौन-सी परिस्थिति बनी, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया।

मेडिकल कॉलेज में नहीं बच सकी जान

दुर्घटना के बाद गंभीर रूप से घायल अनस को लोगों और परिचितों की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में शोक छा गया। बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।

पिता और साथियों के बयान दर्ज, पुलिस जुटा रही साक्ष्य

माणकचौक थाने के एएसआई दिनेश भदौरिया के अनुसार, मामले में मृतक के पिता और कार में सवार साथियों के बयान के आधार पर मर्ग कायम किया गया है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा।

Updated on:
13 Oct 2026 09:56 pm
Published on:
13 Oct 2026 09:55 pm