इस साल 2022 में सावन का पहला सोमवार कल 18 जुलाई को पड़ रहा है। हिंदू धर्म के महत्वपूर्ण व्रतों में से एक सावन सोमवार व्रत में कुछ खास नियमों का पालन करना जरूरी माना गया है।
सनातन धर्म में सावन का महीना और सोमवार का दिन दोनों ही भगवान भोलेनाथ की पूजा को समर्पित माने गए हैं। इस साल सावन का महीना 14 जुलाई 2022 से शुरू हो चुका है और पहला सावन सोमवार व्रत 18 जुलाई को है। ज्योतिष अनुसार इस दिन शोभन योग का निर्माण हो रहा है। शिव भक्तों के लिए सावन में पड़ने वाले सोमवार व्रत का बहुत महत्व बताया गया है। सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और कुंवारी कन्याएं मनचाहे वर प्राप्ति के लिए सोमवार का व्रत रखती हैं। साथ ही इस व्रत में कुछ खास बातों का ध्यान रखना भी आवश्यक है जिसमें आहार शामिल है। तो आइए जानते हैं सावन सोमवार व्रत में क्या खाना चाहिए और इन चीजों से परहेज करना चाहिए...
सोमवार व्रत में क्या खाएं
सावन सोमवार व्रत में मौसमी फलों का सेवन जैसे तरबूज, खीरा, आम, खरबूजा, केला, अनार खाया जा सकता है। ये आपके भीतर पानी की कमी की पूर्ति करते हैं। इसके अलावा भुने हुए मखाने, दूध, दही, मूंगफली, पनीर, साबूदाने की खिचड़ी, कुट्टू के आटे की पूरी, आलू की सब्जी भी खा सकते हैं। व्रत के दौरान थोड़े-थोड़े अंतराल में इन चीजों का सेवन किया जा सकता है।
इन चीजों का सेवन है वर्जित
माना जाता है कि सावन सोमवार के व्रत में गेंहू, सूजी या आटे का सेवन नहीं करना चाहिए। इसके अलावा लाल मिर्च और सादा नमक युक्त मसालेदार और तलीभुनी चीजों का सेवन भी वर्जित माना गया है। साथ ही मांस, मदिरा, बैंगन, कॉफी, हरी पत्तेदार सब्जियां आदि के सेवन की भी मनाही है।
(डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई सूचनाएं सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। patrika.com इनकी पुष्टि नहीं करता है। किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ की सलाह ले लें।)
यह भी पढ़ें: Sawan Somvar Vrat 2022: सावन का पहला सोमवार 18 जुलाई को, जानिए इस दिन का महत्व और शिवपूजन से जुड़ी खास बातें