Dev Uthni Ekadashi : चार महीने के इंतजार के बाद अब एक बार फिर घर-आंगन में मांगलिक उत्सवों की रौनक लौटने जा रही है। शुक्रवार को देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के साथ ही शुभ कार्यों की शुरुआत हो जाएगी। घरों में सुबह से ही देव जागरण की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। शाम को आंगन में तुलसी मैया को शृंगार किया जाएगा, गन्ने के मंडप के साथ बेर, भाजी, आंवला सहित पारंपरिक सामग्री अर्पित कर भगवान से जागने की मनुहार की जाएगी। 'उठो देव सांवले' के जयघोष, भजन-कीर्तन और शंखनाद के बीच तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराया जाएगा। आज शुक्रवार है यानि धन, वैभव और सुख-समृद्धि के कारक शुक्र देव और माता लक्ष्मी का भी दिन है। इससे बना धन दायक योग अज्ञात स्रोतों से भी संपत्ति दिला सकता है। आज शुभ मुहूर्त में लक्ष्मी पूजा का अच्छा परिणाम प्राप्त होगा।