
Rewa Janardan Mishra Elon Musk Statement: मध्यप्रदेश की रीवा लोकसभा सीट से सांसद जनार्दन मिश्रा एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार जनार्दन मिश्रा ने एलन मस्क को आड़े हाथों लिया है और उसे दो घूंसे मारने की तक बात कही है। रीवा में एक कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल की मौजूदगी में सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि- 56 इंच सीना वाले को कोई झुका नहीं सकता। जनार्दन मिश्रा ने ये भी कहा कि दो घूंसा मारूंगा तो मस्क भाग जाएगा।
रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने मंच से कहा- मस्क दुनिया को खरीदते होंगे लेकिन उनके भीतर हिंदुस्तान को खरीदने की ताकत नहीं है। एलन मस्क को अगर भारत में आना है तो हमारी शर्त माननी होगी, अगर वो शर्त मानेगा तो अलाऊ है, अगर शर्त नहीं मानेगा तो ठुकराऊ है। हिंदुस्तान के 56 इंच सीना वाले को कोई झुका नहीं सकता है। मैं दो घूसा मारूंगा तो मस्क भाग जाएगा, इसलिए चिंता करने की बात नहीं है। भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने आगे ये भी कहा कि आरोप लगाया जा रहा कि सरकार अंबानी को संरक्षण दे रही है। लेकिन सरकार अंबानी को नहीं बल्कि देश को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है।
रीवा में बुधवार को लक्ष्मण बाग ट्रस्ट की जमीन के दो हिस्सों को जोड़ने के लिए नदी पर बनने वाले ब्रिज का भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल भी मौजूद थे और इसी कार्यक्रम के दौरान मंच से सांसद जनार्दन मिश्रा ने ये बयान दिया है। यहां ये भी बता दें कि जिस ब्रिज का भूमिपूजन किया गया है उसके बनने के बाद लक्ष्मण बाग मंदिर, गौशाला और नवनिर्मित संस्कृत विश्वविद्यालय के बीच आवागमन आसान होगा।