
Rewa-Rampur Naikin passenger train: 10 अक्टूबर से पैसेंजर ट्रेन शरू करने की तैयारी (फोटो सोर्स- Patrika)
Rewa-Rampur Naikin passenger train: रीवा से रामपुर नैकिन के बीच जल्द यात्री ट्रेन का संचालन शुरू होने की उम्मीद है। रेलवे ने इसके लिए तैयारियां तेज कर दी है। पश्चिम मध्य रेलवे के जीएम दिलीप सिंह गुरुवार को सतना से देवेंद्रनगर रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करने आ रहे है। संभावना जताई जा रही है कि वे रीवा से रामपुर नैकिन के बीच तैयार ट्रैक का भी निरीक्षण कर सकते हैं। हालांकि उनके इस निरीक्षण को लेकर अभी अधिकृत सूचना जारी नहीं हुई है। निरीक्षण के बाद रेलवे ट्रेन
संचालन को हरी झंडी दे सकता है।
ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना (Lalitpur-Singrauli railway project) के तहत रीवा से सीधी के बीच रेलवे ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है। चुरहट तक ट्रैक का काम पूरा हो चुका है, जबकि चुरहट से आगे सीधी तक निर्माण कार्य जारी है। इस हिस्से का काम वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। रीवा जिले में सिलपरा और गोविंदगढ़ में दो अतिरिक्त रेलवे स्टेशनों का निर्माण भी कराया गया है। निर्माण पूरा होने के बाद ये स्टेशन करीब एक साल से अधिक समय से उपयोग के इंतजार में हैं। अब रेलवे रीवा से रामपुर नैकिन तक यात्री ट्रेन चलाने की तैयारी में है।
इसके लिए रेलवे स्टेशनों और ट्रैक पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही है। स्टेशनों पर ट्रैक की सफाई कर चूना लगाया गया है। रेलवे की तैयारियों को देखते हुए माना जा रहा है कि निरीक्षण के बाद ट्रेन संचालन को मंजूरी मिल सकती है। ट्रेन शुरू होने से रीवा और सीधी जिले के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
सीधी तक रेलवे ट्रैक बिछाया जा चुका है, लेकिन स्टेशन भवन का निर्माण अभी जारी है। ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना के इस हिस्से को वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। स्टेशन का निर्माण पूरा होने के बाद ट्रेनों का विस्तार सीधी तक किया जा सकेगा। वर्तमान में निर्माण कार्य को पूरा होने में करीब दो वर्ष का समय लगने की उम्मीद है।
बिलासपुर-रीवा के बीच चलने वाली ट्रेन को रामपुर नैकिन तक बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। यह ट्रेन सुबह करीब 6 बजे रीवा पहुंचती हैं। रेलवे ऐसा शेड्यूल तैयार कर रहा है, जिससे आनंद विहार, इतवारी, रेवांचल सहित अन्य ट्रेनों से आने वाले यात्री भी आगे रामपुर नैकिन तक सफर कर सकें। अभी ट्रेन विस्तार का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है, लेकिन रेलवे ने 10 अक्टूबर से संचालन शुरू करने की तैयारी की है।
जबलपुर-रीवा के बीच चलने वाली शटल ट्रेन की पूरी रैंक बदलकर एलएचबी कोच लगाए गए हैं। रेलवे ने करीब दस दिन पहले इसकी घोषणा की थी, जिसके बाद अब पुरानी रैंक हटाकर नई एलएचबी रैंक लगा दी गई है। एलएचबी कोच अपेक्षाकृत हल्के और अधिक आधुनिक होते हैं तथा यात्रियों को बेहतर और आरामदायक सफर उपलब्ध कराते हैं। रीवा से चलने वाली छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल मुंबई, रीवा-चिरमिरी और रीवा-भोपाल ट्रेनों में अभी पुराने रैंक लगे हैं। रेलवे इन ट्रेनों की रैंक भी जल्द बदलने की तैयारी कर रहा है।
Updated on:
07 Oct 2026 09:26 am
Published on:
07 Oct 2026 09:26 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
