MP News: नागपंचमी के मौके पर मध्यप्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला के घर में सांप को दूध पिलाकर वन विभाग के नियमों की धज्जियां उड़ाई गई है।
MP News: नागपंचमी के मौके पर नागों को दूध पिलाने पर वन विभाग ने सपेरों पर बैन लगाया था, लेकिन कई जगह कार्रवाई की गई तो कई जगहों पर महज कार्रवाई के नाम खानापूर्ति की गई। ऐसे ही मध्यप्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला खुलेआम सरकार के नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आए। शुक्रवार को नागपंचमी के अवसर पर उन्होंने अपने निज निवास में नाग देवता की पूजा की है। जिसकी फोटो सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफॉर्म्स पर साझा की गई है। जिसमें साफतौर पर देखा जा सकता है कि सपेरा सांप को दूध पिलाते नजर आ रहा है। बता दें कि, पिछले ही दिनों वन विभाग ने सांपों को दूध पिलाने पर बैन लगाया है।
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स एक्स, इंस्टग्राम और फेसबुक पर पोस्ट शेयर की गई है। जिसमें मंत्री राजेंद्र शुक्ला के साथ मनगवां विधायक नरेंद्र प्रजापति भी शामिल थे। वन विभाग के द्वारा पिछले दिनों ही सांपों को दूध पिलाने पर बैन लगाया था, लेकिन सरकार के बैन के बावजूद डिप्टी सीएम खड़े होकर सपेरे का तमाशा देखते रहे थे। अब ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब एक जनप्रतिनिधि ही ऐसा करेगा तो फिर आम जनता का क्या हाल होगा।
वन विभाग ने सांपों को दूध पिलाने पर बैन लगाया था। सांपों को दूध पिलाना भारतीय वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत अपराध है। इसकी धाराओं और उप धाराओं का उल्लंघन करने पर सख्त सजा का प्रावधान है। सपेरों द्वारा सांपों को पकड़ने के दौरान घायल हो जाते हैं। उनका विषदंत तोड़ने से वह अपनी रक्षा नहीं कर पाते, जिसके कारण कई सांपों की मौत भी हो जाती है।