
Rewa Women Theft Gang: मध्यप्रदेश के रीवा में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए यूपी की गैंग को पकड़ा है। महिलाओं की ये गैंग लग्जरी वाहन बुक करके शहर में वारदात को अंजाम देने के लिए आई थी और होटल में अपना ठिकाना बनाए हुई थी। पकड़ी गई महिलाओं से चोरी का खुलासा हुआ है। समान थाने के फूलमति माता मंदिर में दर्शन करने आई महिला के गले से सोने की चेन चोरी हो गई थी जिसका मामला थाने में दर्ज था।
शहर के फूलमाता मंदिर में महिला गैंग की सदस्य ने एक महिला के गले से चेन स्नेचिंग की थी। जिसकी शिकायत महिला के द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई। पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक किया तो उसमें संदिग्ध महिला कैद हो गई थी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और खंगाले तो पाया कि महिला वारदात को अंजाम देने के बाद ई-रिक्शा से भागी थी। ई-रिक्शा को ट्रेस करते हुए पुलिस शहर के राज पैलेस होटल पहुंची।
पुलिस जब होटल पहुंची को महिला चोर गैंग होटल से चैकआउट कर भागने की तैयारी में थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने 8 महिलाओं व एक पुरुष को पकड़ा है, सभी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई चेन भी बरामद की है। महिलाएं यूपी से नवरात्रि के पहले लग्जरी कार किराए पर लेकर आई रीवा आई थीं और होटल में ठहरी हुई थीं। उनकी योजना मंदिरों में श्रद्धालुओं को निशाना बनाने की थी, लेकिन इस बार उनकी किस्मत ने साथ नहीं दिया और पुलिस उन तक पहुंच गईं।
पुलिस ने आठ महिलाओं सहित 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें प्रीति उर्फ आरती देवी (25), पूजा देवी (25), करीना (25), अमृता (30), ज्योति उर्फ सनीसा (20), रीनता (43), राजनंदनी (26), आरोही कुमारी (20)सभी निवासी बड़ागांव मानिकपुर थाना घूसी, जिला मऊ, उप्र व साहिल खान पिता इकलाख खान 28 वर्ष निवासी चिरैया कोटा जिला मऊ शामिल हैं। एसपी डॉ. गुरुकरण सिंह ने बताया कि त्योंहारों में वारदातों को अंजाम देने के लिए महिलाओं की गैंग आई थी, जिसने फूलमति मंदिर से एक महिला के गले से चेन चोरी की थी। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों को पकड़ा गया है। उनकी अन्य घटनाओं में भूमिका की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।