
Sagar News :मध्य प्रदेश के सागर जिले के अंतर्गत आने वाले बंडा विकासखंड में पिछले दिनों जहरीली शराबकांड के बाद अब पुलिस विभाग का बड़ा एक्शन सामने आया है। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बंडा थाने के साथ - साथ गूगरा चौकी में पदस्थ एसआई, मुंशी, प्रधान आरक्षक और आरक्षकों समेत 37 पुलिसकर्मियों को एक साथ लाइन अटैच कर दिया है। इनकी जगह पुलिस लाइन से नए स्टाफ को थाने के साथ - साथ चौकी क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आपको बता दें कि, क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले में पुलिस विभाग द्वारा पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है। तत्कालीन बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाहा और एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि को हटाया जा चुका है। इनके स्थान पर सिविल लाइन टीआई आनंद सिंह को बंडा थाना प्रभारी की कमान सौंपी गई थी।
पुलिस कप्तान की ओर से सोमवार को जारी आदेश के अनुसार, बंडा थाना में पदस्थ एसआई मुन्ना लाल धुर्वे, आदिल खान समेत 37 पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है। हटाए गए पुलिसकर्मियों के स्थान पर पुलिस लाइन से एसआई रामू प्रजापति, शिवम दुबे समेत प्रधान आरक्षक और आरक्षकों को बंडा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यही नहीं पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया द्वारा जिले के अन्य थानों में भी पुलिसकर्मियों को इधर से उधर किया गया है। जारी की गई सूची में कुल 82 पुलिसकर्मियों के नाम हैं, जिन्हें इधर से उधर किया गया है। हालांकि, बड़ी कार्रवाई बंडा थाना और गूगरा चौकी के स्टाफ पर की गई है।
जिले में पुलिसकर्मियों को इतने बड़े पैमाने लाइन अटैच किए जाने से अब बंडा थाने की पुलिस व्यवस्था में बड़ा बदलाव होगा। रक्षित केंद्र से नए पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ क्षेत्र की कानून व्यवस्था और अवैध शराब जैसी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। ये कार्रवाई कथित शराब कांड के बाद बंडा क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच की गई है।