सागर

कार और ट्रक की जोरदार भिड़ंत में 6 लोगों की मौत, दरवाजे काटकर निकालने पड़े शव

टोल प्लाजा के पास कार- ट्रक की भिड़ंत, छह की मौत, एक गंभीर। टक्कर इतनी भीषण थी कि, कार के परखच्चे उड़ गए।
2 min read
• •
Updated: 16 Jul 2023, 8:13 PM IST
Horrific accident in sagar
कार और ट्रक की जोरदार भिड़ंत में 6 लोगों की मौत, दरवाजे काटकर निकालने पड़े शव

मध्य प्रदेश के सागर जिले के अंतर्गत आने वाले चनाटौरिया टोल प्लाजा के पास रविवार शाम एक कार और ट्रक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में 6 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। हादसे में एक युवक को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। सड़क हादसे की भीषणता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि, ट्रक से टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। कार के गेट उखाड़कर उसमें फंसे शव और घायलों को बाहर निकाला गया।


जानकारी के अनुसार, ट्रेवल्स कंपनी के मालिक अतुल दुबे का पुत्र अमर दुबे अपने छह साथियों के साथ शाहपुर जा रहे थे। जब बहेरिया होते हुए वे चना टौरिया टोल नाके से आगे पहुंचे, तभी बम्होरी डूंडर के पठार पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उनकी कार की भिड़ंत हो गई। दोनों तेज रफ्तार वाहनों की भिड़ंत में कार के परखच्चे उड़ गए। जबकि, ट्रक सड़क से उतरकर खंती में जा गिरा।


हादसे के बाद सड़क पर मचा कोहराम

हादसे की खबर लगते ही बहेरिया और सानौधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे घायलों को गेट उखाड़कर बाहर निकाला जा सका। उन्हें मकरोनिया के निजी अस्पताल ले जाया गया। हादसे में घायल अमर दुबे की हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि, उनके साथी 28 वर्षीय मुकेश रैकवार, 35 वर्षीय पंकज रैकवार, 42 वर्षीय गणेश रैकवार, 30 वर्षीय पवन रैकवार, 35 वर्षीय बृजेश ठाकुर, सभी निवासी पुरव्याऊ टौरी और वहीं, अंकुर कॉलोनी में रहने वाले 28 वर्षीय अर्पित जैन की मौत हुई है। पुलिस ने सभी शव बीएमसी पहुंचा दिए हैं, जहां उनका पोस्टमॉर्टम कराया गया। दुर्घटना स्थल से पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है।

Published on: