21 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

खुरई नगर पालिका क्षेत्र के 108 अवैध कॉलोनाइजरों पर कार्रवाई की तैयारी, पुलिस को भेजी सूची

सुविधाओं का लालच देकर महंगे दामों पर बेचे जा रहे प्लॉट, न सड़क, ना ही नालियों का कराया गया है निर्माण, बारिश में घरों से निकलना हो जाता है मुश्किल, खुरई सीएमओ ने तैयार की सूची
2 min read
Google source verification
Preparations underway to take action against 108 illegal colonizers in the Khurai Municipality area

खेत में काटी जा रही कॉलोनी। फोटो-पत्रिका

बीना. खुरई नगरीय क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों का जाल तेजी से फैल रहा है। कॉलोनाइजर लोगों को सड़क, नाली सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं देने का भरोसा देकर महंगे दामों पर प्लॉट बेच रहे हैं, लेकिन बाद में सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं मिलता। अब नगर पालिका ने 108 कॉलोनाइजरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को पत्र लिखा है।

दरअसल नगरीय क्षेत्र और आसपास के इलाकों में अवैध कॉलोनियों का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। कुछ लोग किसानों को जमीन के बदले अधिक राशि देने का लालच देकर उनकी भूमि पर बिना वैधानिक अनुमति के प्लॉटिंग कर रहे हैं। सरकारी अनुमतियां लिए बिना आवासीय प्लॉट काटकर बेचे जा रहे हैं। इन प्लॉटों की कीमत भी सरकारी दरों से कई गुना अधिक बताई जा रही है। प्लॉट खरीदने के दौरान लोगों को सड़क, नाली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिया जाता है, लेकिन कॉलोनी विकसित होने के बाद व्यवस्थाएं नहीं मिलतीं। इसका खामियाजा अपनी मेहनत की कमाई लगाकर प्लॉट या मकान खरीदने वाले परिवारों को भुगतना पड़ता है। बारिश यह कॉलोनी नरक बन जाती हैं।

संयुक्त सर्वे में सामने आई अनियमितताएं

नगर पालिका और राजस्व विभाग के संयुक्त सर्वे में सामने आया कि कई स्थानों पर कॉलोनी विकास की अनुमति नहीं ली गई है और न ही आवश्यक विकास कार्य कराए गए हैं। कुछ कॉलोनाइजरों के पास इसकी बिक्री करने के लिए जरूरी लाइसेंस भी नहीं है। नगर पालिका पहले भी अवैध कॉलोनियों को लेकर नोटिस जारी कर चुकी है, लेकिन इसके बावजूद प्लॉटिंग पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी।

पुलिस को सौंपी 108 कॉलोनाइजरों की सूची

नगर पालिका ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के पत्र के आधार पर चिन्हित 108 अवैध कॉलोनियों से संबंधित सूची पुलिस को भेजी है। पत्र में संबंधित कॉलोनाइजरों के खिलाफ मध्यप्रदेश नगर पालिका (कॉलोनी विकास) नियमों के तहत लिखित शिकायत दर्ज कर कार्रवाई करने के लिए लिखा है।

पुलिस को सौंपी है सूची

नगरीय क्षेत्र में अवैध रूप से प्लॉटिंग करने वाले 108 कॉलोनाइजरों के नाम पुलिस को दिए गए हैं। इसकी प्रतिलिपि कलेक्टर को भी भेजी गई है। अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

राजेश मेहतेले, सीएमओ, खुरई