
Youth kidnapping case: प्रेम प्रसंग के विवाद में युवक का दिनदहाड़े अपहरण (फोटो सोर्स- Patrika)
Youth kidnapping case: मध्य प्रदेश के सागर शहर के गोपालगंज थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े युवक को कार से आए आरोपियों ने अगवा कर लिया। घटना सोमवार दोपहर डेढ़ बजे की है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई के बाद इसका खुलासा किया। बताया गया कि कार सवार कुछ युवकों ने प्रेम प्रसंग के चलते अपहरण कर लिया। युवक की किसी युवती से दोस्ती है, इसी बात से नाराज होकर युवती के पुराने दोस्तों ने युवक को फोन करके बुलाया था।
फिर उससे सिर्फ इतना बोला- 'उससे बात क्यों करते हो।' इसके बाद उसको कार में अपहरण कर ले गए और मारपीट के बाद घायल हालात में छोड़कर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने 6 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अपह्त युवक बालाजी मंदिर के पास घायल अवस्था में मिला।
शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 140 (3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने मामले की जांच प्रधान आरक्षक दीपक व्यास, आरक्षक अंकित तिवारी और दशरथ मालवीय को सौंपी। पुलिस जांच के दौरान टीम तलाश करती हुई बालाजी मंदिर के पास पहुंची। जंहा अपहृत युवक शेख अयान घायल हालात में मिला। पुलिस ने दस्तयाब कर उसका मेडिकल परीक्षण कराकर उसे सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
सोमवार को शान मुहम्मद पठान निवासी दयानंद वार्ड ने गोपालगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह एक्सीलेंस स्कूल के पास रेडियम नंबर प्लेट की दुकान संचालित करता है और उसका भांजा शेख अयान उसके साथ काम करता है। 19 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे शेख अयान के पास समीर का फोन आया, जिसने उसे एक्सीलेंस स्कूल के गेट के पास बुलाया। जब फरियादी वहां पहुंचा, तो कार में आए समीर और उसके साथियों ने शेख अयान को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया। जब फरियादी ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने गाड़ी नहीं रोकी, जिससे फरियादी के हाथ और जांघ में चोटें आईं। जिसके बाद बाइक से पीछा किया, लेकिन सफलता न मिलने पर उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए देर शाम करीब 7 बजे आरोपी समीर बोहत 21 वर्ष निवासी पंतनगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भी जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
Updated on:
21 Oct 2026 10:12 am
Published on:
21 Oct 2026 10:12 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
