बीना. ग्राम सदरपुर टांड़ा में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में मजदूर की थ्रेसर मशीन में सिर फंसने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई थी।खिमलासा थानांतर्गत जानकारी के अनुसार मृतक नंदू उर्फ नंदकिशोर पिता गुलाब सिंह लोधी (28) निवासी सदरपुर टांड़ा मजदूरी करने के लिए खेत […]
बीना. ग्राम सदरपुर टांड़ा में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में मजदूर की थ्रेसर मशीन में सिर फंसने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई थी।
खिमलासा थानांतर्गत जानकारी के अनुसार मृतक नंदू उर्फ नंदकिशोर पिता गुलाब सिंह लोधी (28) निवासी सदरपुर टांड़ा मजदूरी करने के लिए खेत पर सरसों फसल की थ्रेसर करने गया था। बुधवार दोपहर करीब एक बजे सरसों की थ्रेसर मशीन चल रही थी, तभी अचानक उसका सिर मशीन के अंदर चला गया और मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद खेत में काम कर रहे अन्य लोगों ने तुरंत थ्रेसर मशीन बंद की और काफी मशक्कत के बाद मशीन खोलकर शव को बाहर निकाला जा सका। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए थे। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी गर्भवती है और कुछ दिनों बाद ही प्रसव होना है। मृतक का तीन साल का एक छोटा बच्चा भी है। हादसे की खबर से परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलने पर खिमलासा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को खुरई सिविल अस्पताल लेकर गई, जहां पर उसका पीएम किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।