सागर

भीषण गर्मी में तीर्थ स्पेशल ट्रेन के सभी AC खराब, परेशान यात्रियों का बीना स्टेशन पर हंगामा

Pilgrimage Special Train: अयोध्या से मनमाड़ जा रही तीर्थ स्पेशल ट्रेन का पावर जनरेटर खराब होने से ट्रेन में लगी सभी 10 एसी कोच के एसी हुए बंद, भीषण गर्मी में परेशान होते रहे यात्री।

2 min read
May 13, 2026
ayodhya manmad Pilgrimage Special Train ac breakdown passengers hungama

Pilgrimage Special Train: मध्यप्रदेश के बीना रेलवे स्टेशन पर अयोध्या से मनमाड़ जा रही तीर्थ स्पेशल ट्रेन के पहुंचने पर उसमें सवार यात्रियों ने जमकर हंगामा कर दिया। जैसे ही ट्रेन 1:21 मिनट पर स्टेशन पर पहुंची तो ट्रेन में सवार यात्री प्लेटफॉर्म पर उतर गए और हंगामा शुरु कर दिया। यात्रियों का कहना था कि ट्रेन के सभी 10 एसी डिब्बों में एसी ठप्प पड़े हुए हैं जिसके कारण गर्मी से हाल-बेहाल हैं। इतना ही नहीं यात्रियों ने आरोप लगाया कि झांसी में शिकायत करने के बाद भी एसी को ठीक नहीं किया गया।

पावर जनरेटर हुआ खराब

अयोध्या से मनमाड़ जा रही तीर्थ स्पेशल ट्रेन का पावर जनरेटर खराब होने की वजह से ट्रेन में लगी सभी 10 एसी कोच के एसी बंद रहे, जिससे यात्री गर्मी में परेशान होते रहे। यात्रियों ने बताया कि झांसी स्टेशन के पहले यह खराबी कोच में आ गई थी, लेकिन झांसी स्टेशन पर ट्रेन के खड़े होने के बाद भी वहां पर सुधार कार्य नहीं किया गया और न ही पावर जनरेटर कार को बदला गया। इसके बाद जब ट्रेन बीना स्टेशन पर पहुंची तो उनका सब्र टूट गया और यात्रियों ने स्टेशन पर उतरकर हंगामा कर दिया।

ट्रेन में 1800 यात्री थे सवार

इस ट्रेन में 1800 यात्री सवार थे, जो अयोध्या में श्रीराम कथा सुनकर मनमाड़ वापस जा रहे थे। ट्रेन में जो यात्री यात्रा कर रहे थे उनमें 95 प्रतिशत से ज्यादा यात्रियों की उम्र 60 वर्ष से ज्यादा थी, जो गर्मी में परेशान होते रहे। घंटों तक बिना एसी के ट्रेन में सफर करने के कारण यात्री पसीने-पसीने हो रहे थे, उनका कहना था कि एसी कोच का पैसा देने के बाद भी उन्हें भीषण गर्मी में पसीने-पसीने होना पड़ रहा है।

यात्रियों ने बताई पीड़ा

ट्रेन में सवार महिला यात्री सुषमा ने बताया कि वह चैतन्य प्रभु की श्री राम कथा में शामिल होने के लिए परिवार सहित अयोध्या गई थीं। ट्रेन के एसी बिलकुल भी काम नहीं कर रहे हैं, एसी कोच की खिड़कियां भी बंद रहती हैं जिसके कारण घुटन होने लगी है। इतना ही नहीं इलेक्ट्रीकल सिस्टम फेल होने के कारण बाथरूम के नलों में पानी भी नहीं आ रहा है।

बीना स्टेशन पर भी नहीं मिली राहत

ट्रेन में सवार यात्री करीब दो घंटे तक बीना रेलवे स्टेशन पर हंगामा करते रहे लेकिन इसके बावजूद उन्हें राहत नहीं मिली। रेलवे के अधिकारियों ने किसी तरह ट्रेन में सवार यात्रियों को समझाईश दी और भोपाल में एसी ठीक होने का आश्वासन दिया। इसके बाद यात्री शांत हुए और ट्रेन करीब दो घंटे बाद बीना स्टेशन से भोपाल के लिए रवाना हो पाई।

ये भी पढ़ें

भोपाल में रिटायर्ड जज की बहू की संदिग्ध मौत, घर में फांसी पर लटकी मिली
Published on:
13 May 2026 06:45 pm
Also Read
View All