सागर

बिजली उपकरणों पर लोड बढ़ते ही शुरू हुई बिजली कटौती, गर्मी कर रही बेहाल

जल रहीं बिजली केबल, बिजली कंपनी की तैयारियां अधूरी, मेंटेनेंस के नाम पर भी काटी जाती घंटों बिजली, लेकिन मौसम खराब होते ही हो जाती है गुल

2 min read
Apr 22, 2026
फाइल फोटो

बीना. पिछले कुछ दिनों से तापमान में उछाल आया है, जो 42 डिसे तक पहुंच गया है। तापमान बढऩे के साथ ही बिजली उपकरणों पर लोड बढ़ गया है, जिससे बिजली कटौती शुरू हो गई है। कटौती के कारण लोगों को गर्मी से परेशान होना पड़ रहा है।
पिछले दिनों बिजली कंपनी ने मेंटेनेंस कार्य किया था, जिससे गर्मी में फाल्ट न हों और लोगों को परेशान न होना पड़े। मेंटेनेंस होने के बाद भी तेज गर्मी शुरू होते ही अघोषित कटौती शुरू हो गई है। शहर में कुछ क्षेत्रों में बार-बार बिजली गुल हो रही है। लोड बढऩे से बिजली केबल भी जल रही हैं और फाल्ट हो रहे हैं। यदि बिजली कंपनी द्वारा पहले से तैयारी कर ली जाती, तो यह परेशानी नहीं होती। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली कटौती की जा रही है। जानकारी के अनुसार वीरसावरकर वार्ड स्थित सबस्टेशन के सभी फीडरों पर लोड बढ़ा है। सबसे ज्यादा लोड इटावा फीडर पर बढ़ा है, सामान्य दिनों में लोड 110 एम्पीयर था, जो अब 160 एम्पीयर तक पहुंच रहा है। जेई आकाशदीप ने बताया कि तापमान बढऩे के साथ ही ट्रांसफॉर्मरों पर लोड बढ़ा है। शहर में लगे ट्रांसफॉर्मरों का लोड भी चैक किया जा रहा है, जिससे उसके अनुसार लोड बढ़ाया जा सके।

मेंटेनेंस के नाम पर हो रही कटौती
बांदरी. नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती दिन में कई बार हो रही है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। शादी का सीजन व अधिक गर्मी होने से लगातार बिजली की मांग बढ़ रही है। साथ ही खपत भी बढ़ी है। मेंटेनेंस के नाम पर बार-बार बिजली कटौती कर दी जाती है, लेकिन फिर भी व्यवस्था नहीं सुधर रही है।

पांच घंटे हो रही कटौती
किशनपुरा. क्षेत्र में इन दिनों बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। लोगों का कहना है कि दिन में चार से पांच घंटे तक बिजली गुल हो रही है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी में बिजली की मांग भी बढ़ी है, लेकिन बिजली कंपनी व्यवस्था बनाने में नाकाम साबित हो रही है। कूलर, पंखे बंद होने से बच्चों और बुजुर्गों की हालत खराब हो जाती है। वहीं, व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। बिना पूर्व सूचना के बिजली काट दी जाती है

गर्मी में बिजली की आंख मिचौली हुई शुरू
बरोदिया कलां. भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से बिजली की आंख-मिचौली का खेल जारी है। ग्रामीण क्षेत्रों में 5 से 8 घंटे तक बिजली कटौती की जा रही है। घंटों बिजली गुल रहने से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों की हालत खराब हो जाती है। रात के समय कटौती होने पर लोगों केा घरों की छतों पर या बाहर सोना पड़ता है।

Published on:
22 Apr 2026 12:17 pm
Also Read
View All