13 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चाकू की नोक पर आतंक: एक घंटे में दो युवकों को बनाया निशाना, लूट और रंगदारी के आरोपी का निकाला जुलूस

एक से पांच हजार लूटे, तो दूसरे से मांगी दो हजार रुपए रंगदारी, पहले से भी दर्ज हैं नौ मामले, न्यायालय में पेश कर भेजा जेल

2 min read
Google source verification
Terror at knifepoint: Two youths targeted within an hour; accused of robbery and extortion paraded publicly.

जुलूस निकालते हुए। फोटो-पत्रिका

बीना. शहर में एक ही रात में दो युवकों को चाकू दिखाकर लूट व अड़ीबाजी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने एक युवक से 5 हजार रुपए और दस्तावेज लूट लिए, जबकि दूसरे युवक से शराब पीने और खाने के लिए 2 हजार रुपए की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का मुख्य मार्ग पर पैदल जुलूस निकाला।
थाना प्रभारी अनूप यादव ने बताया कि पहली घटना 11 जून की रात करीब 9 बजे की है। जब रामपाल कुशवाहा (22) प्रिंस ढाबा के पास से मुख्य मार्ग की ओर जा रहा था। इसी दौरान भरत पिता रामसेवक सेन ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए चाकू दिखाया और पकडकऱ मारपीट की। साथ ही उसकी जेब से पर्स छीन लिया। पर्स में 5 हजार रुपए नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।

अड़ीबाजी कर मांगे रुपए
इसी रात करीब 8.30 बजे गांधी चौराहे के पास दूसरी वारदात हुई। आगासौद निवासी राजेन्द्र ठाकुर (42) खाना लेने जमजम होटल की ओर जा रहा था, तभी भरत सेन ने रास्ता रोक लिया। आरोपी ने उसे पकडकऱ जेब से चाकू निकालकर शराब पीने व खाने के लिए 2 हजार रुपए की मांग की। राजेन्द्र ने अपने पास केवल 500 रुपए होने की बात कही, लेकिन आरोपी लगातार दबाव बनाता रहा। विरोध करने पर उसने मारपीट कर दी और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए लूट व अड़ीबाजी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान उसके पास से चाकू, लूटे गए 5 हजार रुपए, पर्स, आधार व पैन कार्ड जब्त किए गए। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का मुख्य मार्ग पर जुलूस निकाला। इसके बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में एसआई लखन राज, आरके जोरम, जय सिंह, एएसआई शिखरचंद, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र मिश्रा, गनेशराम भारती, आरक्षक युधिष्ठिर, संदीप, अजय, अनिल जाटव, राहुल, दीप सिंह की अहम भूमिका रही।