
बीना. रेलवे स्टेशन पर गंदगी और सफाई न होने को लेकर यात्रियों की शिकायतें आम थीं, लेकिन अब बीना जंक्शन की तस्वीर पहले से काफी बदलती नजर आ रही है। रेलवे द्वारा मैकेनाइज्ड क्लीनिंग व्यवस्था लागू किए जाने के बाद स्टेशन परिसर में सफाई का स्तर बेहतर हुआ है। स्टेशन के सभी छह प्लेटफॉर्म से लेकर सर्कुलेटिंग एरिया, बुकिंग ऑफिस और एप्रन तक सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे यात्रियों को पहले की अपेक्षा स्वच्छ वातावरण मिल रहा है।
दरअसल, रेलवे ने जनवरी में स्टेशन की सफाई व्यवस्था के लिए करीब 6.5 करोड़ रुपए का टेंडर जारी किया था। टेंडर के अनुसार 24 जनवरी से सफाई का काम शुरू किया गया। इस व्यवस्था के तहत 25 मैकेनाइज्ड क्लीनिंग मशीनों की मदद से स्टेशन परिसर की सफाई की जा रही है। इसके अलावा प्रतिदिन 55 कर्मचारी सफाई कार्य में जुटे रहते हैं। सफाई के बाद अब स्टेशन की तस्वीर बदल गई है और यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। पहले बदबू के कारण प्लेटफॉर्म पर खड़े होना भी मुश्किल रहता था।
नई व्यवस्था के तहत स्टेशन के सभी छह प्लेटफॉर्म पर नियमित सफाई की जा रही है। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही के बावजूद सफाई व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में भी साफ-सफाई दिखाई दे रही है। बुकिंग ऑफिस और यात्रियों के आवागमन वाले अन्य हिस्सों में भी नियमित सफाई की जा रही है। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म के एप्रन की सफाई पर भी ध्यान दिया जा रहा है, जिससे वहां गंदगी जमा नहीं हो रही है।
मैकेनाइज्ड क्लीनिंग व्यवस्था का असर स्टेशन परिसर में दिखाई देने लगा है। पहले जहां गंदगी को लेकर यात्री परेशान रहते थे, वहीं अब सफाई व्यवस्था में सुधार नजर आ रहा है। मंडल स्तर से निरीक्षण के लिए आने वाले अधिकारियों ने भी वर्तमान सफाई व्यवस्था की प्रशंसा की थी। मशीनों के उपयोग से कम समय और कम कर्मचारियों में बेहतर सफाई संभव हो रही है।
फैक्ट फाइल
टेंडर अवधि - 3 वर्ष
टेंडर राशि - 6.5 करोड़
मशीन का उपयोग - 25
कर्मचारियों की संख्या - 55