जानकारी के अनुसार, नरयावली थाना क्षेत्र के भैंसा गांव से करीब एक दर्जन लोग कार्तिक अमावस्या के अवसर पर अर्टिगा कार से नर्मदा नदी में स्नान करने के लिए बरमान जा रहे थे। इसी दौरान देवरी थाना क्षेत्र के गोपालपुरा के पास कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 6 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई और कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई।